सूरत : मारवाड़ी युवा मंच अल्थान जागृति शाखा का रक्तदान शिविर में 25 यूनिट रक्त संग्रहित
इको पार्क साइड, भीमराड में आयोजित शिविर में समाजजनों का मिला सहयोग, रक्तदाताओं का किया आभार व्यक्त
मारवाड़ी युवा मंच अल्थान जागृति शाखा द्वारा रविवार, 5 जुलाई 2026 को भीमराड स्थित इको पार्क साइड परिसर में रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया गया। समाजसेवा को समर्पित इस शिविर में रक्तदाताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए 25 यूनिट रक्तदान किया। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर शाखा की संस्थापक अध्यक्ष कविता अग्रवाल, अध्यक्ष अमृत वर्षा केडिया, शाखा की पदाधिकारी, समिति सदस्य एवं बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित रहे।
शिविर की संयोजिका रीता कनोडिया एवं सरिता बेगानी ने बताया कि शिविर के दौरान कुल 25 यूनिट रक्त संग्रहित कर ब्लड बैंक को सौंपा गया। उन्होंने सभी रक्तदाताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह रक्त जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनदायी सिद्ध होगा। आयोजन को सफल बनाने में सोसायटी के अध्यक्ष अश्विन परमार, जगदीश लखानी तथा समिति के अन्य सदस्यों का विशेष सहयोग रहा। मारवाड़ी युवा मंच अल्थान जागृति शाखा ने सभी सहयोगियों, रक्तदाताओं एवं स्वयंसेवकों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि संस्था भविष्य में भी इसी प्रकार के जनहित एवं सेवा कार्यों का निरंतर आयोजन करती रहेगी।
