सूरत अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 का आयोजन
सूरत, 21 जून 2026 अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के उपलक्ष्य में आज प्रातः 07:00 बजे से 08:00 बजे तक सूरत अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर एक विशेष योग सत्र का आयोजन किया गया।
यह कार्यक्रम आनंद एन. शर्मा, माननीय विमानपत्तन निदेशक, सूरत तथा कुमार अभिषेक, कमांडेंट/CASO, सीआईएसएफ सूरत की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में सीआईएसएफ कर्मियों, भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) के अधिकारियों एवं कर्मचारियों, उनके परिवारजनों तथा स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ "वंदे मातरम्" के सामूहिक गायन के साथ हुआ। योग सत्र के दौरान प्रतिभागियों को योग के महत्व एवं इसके शारीरिक, मानसिक तथा आध्यात्मिक लाभों के बारे में जागरूक किया गया तथा उन्हें अपने दैनिक जीवन में योग को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
सामान्य योग प्रोटोकॉल (Common Yoga Protocol) के अनुरूप विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया गया। इन अभ्यासों का उद्देश्य कर्मियों के स्वास्थ्य, शारीरिक क्षमता, मानसिक संतुलन एवं कार्यकुशलता को बढ़ावा देना था।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह एवं अनुशासन के साथ योगाभ्यास किया तथा स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।
योग सत्र का समापन राष्ट्रगान "जन गण मन" के सामूहिक गायन के साथ हुआ।
