सूरत : विश्व योग दिवस पर सिंधी समाज ने किया योगाभ्यास, सिंध के अंतिम हिंदू राजा महाराजा दाहरसेन को दी श्रद्धांजलि

पूज्य सूरत सिंधी पंचायत, भारतीय सिंधु सभा, अग्रवाल समाज एवं राधे-राधे ग्रुप के संयुक्त आयोजन में बड़ी संख्या में लोगों ने लिया भाग

सूरत : विश्व योग दिवस पर सिंधी समाज ने किया योगाभ्यास, सिंध के अंतिम हिंदू राजा महाराजा दाहरसेन को दी श्रद्धांजलि

सूरत। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सूरत के सिंधी समाज द्वारा विभिन्न सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

पूज्य सूरत सिंधी पंचायत, भारतीय सिंधु सभा, अग्रवाल समाज तथा राधे-राधे ग्रुप के संयुक्त तत्वावधान में सुबह लेक व्यू गार्डन में विश्व योग दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाज के लोगों ने भाग लेकर योगाभ्यास किया और स्वस्थ जीवन के लिए योग अपनाने का संकल्प लिया।

योग सत्र के पश्चात सिंध के अंतिम हिंदू शासक महाराजा दाहरसेन को श्रद्धापूर्वक श्रद्धांजलि अर्पित की गई। उपस्थित लोगों ने उनके योगदान को स्मरण करते हुए श्रद्धासुमन अर्पित किए।

इसी क्रम में पूज्य सूरत सिंधी पंचायत महिला विंग द्वारा शाम को सिंधु सेवा समिति स्कूल में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विश्व योग दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला गया तथा बच्चों और विभिन्न आयु वर्ग के प्रतिभागियों के लिए योग आधारित प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतिभागियों को योग के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक लाभों की जानकारी भी दी गई।

दोनों कार्यक्रमों में पूज्य सूरत सिंधी पंचायत के अध्यक्ष वासुदेव गोपलानी, नानकराम अटलानी, घनश्याम खट्टर, भारतीय सिंधु सभा के भगवानदास, सुंदरदास, हरीश टेवानी, प्रताप गोपलानी तथा सिंधु सेवा यात्रा समिति ट्रस्ट के त्रिलोक थदानी, पवन हसीजा, निर्मल मोटवानी और गोवर्धन छत्तानी सहित अनेक समाजजन उपस्थित रहे।

महिला विंग की ओर से तरूणा वाधवानी, भक्ति गोपलानी, विधि गोपलानी, सोनिया अदनानी, वर्षा भागिया, नीलम पंजाबी, पलक तोलानी तथा अन्य मातृशक्ति की बहनों ने आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग दिया।

आयोजकों ने बताया कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ और संतुलित जीवन जीने की एक प्रभावी पद्धति है। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने नियमित योग करने और समाज में स्वास्थ्य जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। साथ ही सिंध के अंतिम हिंदू राजा महाराजा दाहरसेन को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके आदर्शों को स्मरण किया गया।

Tags: Surat