सूरत : आईआईएफ उद्यम 2026 की तैयारियों को लेकर लघु उद्योग भारती की महत्वपूर्ण बैठक सम्पन्न
महिला उद्यमियों की विशेष टीम बनेगी, स्टॉल बुकिंग पर सदस्यों को मिलेगी विशेष छूट
लघु उद्योग भारती, सूरत द्वारा आईआईएफ उद्यम 2026 के सफल आयोजन की तैयारियों को लेकर श्री मारुधर केसरी रीजेंट टेक्सटाइल मार्केट में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में लघु उद्योग भारती के पूर्व अखिल भारतीय अध्यक्ष एवं वरिष्ठ उद्योगपति वजूभाई वागासिया का विशेष मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।
बैठक के दौरान आईआईएफ उद्यम 2026 प्रदर्शनी के आयोजन, प्रचार-प्रसार, स्टॉल बुकिंग, उद्यमियों की सहभागिता तथा संगठनात्मक विस्तार सहित विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। संगठन को और अधिक प्रभावी एवं सशक्त बनाने के उद्देश्य से लघु उद्योग भारती, सूरत के लिए एक समर्पित कर्मचारी नियुक्त करने का निर्णय भी लिया गया।
महिला उद्यमिता को प्रोत्साहित करने के लिए सूरत में महिला उद्यमियों की एक विशेष टीम गठित करने की घोषणा की गई। इस टीम के गठन में अन्य शहरों की महिला अध्यक्षों एवं सफल उद्यमियों का सहयोग लिया जाएगा। साथ ही प्रदर्शनी में भाग लेने वाली महिला उद्यमियों को विशेष सुविधाएं, अतिरिक्त लाभ तथा आवास की व्यवस्था उपलब्ध कराई जाएगी।
आईआईएफ उद्यम 2026 के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए विभिन्न प्रमुख शहरों में रोड शो, होर्डिंग्स और बैनर अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा लघु उद्योग भारती के सदस्यों को प्रदर्शनी में स्टॉल बुकिंग पर विशेष रियायत प्रदान करने की घोषणा भी की गई।
बैठक में बताया गया कि लघु उद्योग भारती द्वारा एंड्रॉयड एवं आईओएस प्लेटफॉर्म के लिए वेबसाइट और मोबाइल एप विकसित किए गए हैं। इनमें ऑनलाइन भुगतान की सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे पंजीकरण, स्टॉल बुकिंग एवं अन्य सेवाओं का लाभ उद्यमियों को सहजता से प्राप्त हो सकेगा।
बैठक में संभाग उपाध्यक्ष हंसराज जैन, राकेश रंगवाणी, पंकज शर्मा, मनोहर वैष्णव, विनोद सारस्वत, चंचल वचानी, गणपत भाटी, मोहबत परमार, देवराज पटेल, मेहुल जाधव, शक्ति सिंह तंवर सहित बड़ी संख्या में उद्यमी एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
मीडिया प्रभारी महेंद्र पटेल ने बताया कि आईआईएफ उद्यम 2026 को उद्योग जगत का भव्य एवं सफल आयोजन बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं और उद्यमियों का उत्साहजनक सहयोग प्राप्त हो रहा है।
लघु उद्योग भारती, सूरत के अध्यक्ष रामावतार पारीक ने बैठक में उपस्थित सभी उद्यमियों एवं पदाधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए आयोजन की सफलता के लिए सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया।
