सूरत : शौर्य रैली के स्वागत में गूंजे “विक्रम सिंह अमर रहें” और “महाराणा प्रताप अमर रहें” के नारे

गोडादरा में राजस्थान युवा संघ ने किया भव्य स्वागत, पुष्पवर्षा और सेवा कार्यों से बना भक्ति व शौर्य का माहौल

सूरत : शौर्य रैली के स्वागत में गूंजे “विक्रम सिंह अमर रहें” और “महाराणा प्रताप अमर रहें” के नारे

वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की 484वीं जयंती के अवसर पर राजस्थान राजपूत समाज द्वारा निकाली गई भव्य शौर्य रैली का गोडादरा क्षेत्र में राजस्थान युवा संघ द्वारा उत्साहपूर्वक स्वागत किया गया। स्वागत कार्यक्रम के दौरान पूरे क्षेत्र में राजपूताना गौरव, शौर्य और राष्ट्रभक्ति के जयघोष गूंजते रहे।

जैसे ही रैली स्वागत स्थल पर पहुंची, राजस्थान युवा संघ के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने जेसीबी के माध्यम से पुष्पवर्षा कर महाराणा प्रताप के प्रति अपनी श्रद्धा और सम्मान व्यक्त किया। पुष्पवर्षा के साथ वातावरण “महाराणा प्रताप अमर रहें” के नारों से गूंज उठा।

इस दौरान समाज के युवाओं ने राजस्थान राजपूत समाज के पूर्व अध्यक्ष एवं राजस्थान युवा संघ के अध्यक्ष स्वर्गीय विक्रम सिंह जी को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए “विक्रम सिंह अमर रहें” और “महाराणा प्रताप अमर रहें” के गगनभेदी नारे लगाए। इन नारों से पूरा क्षेत्र राजपूताना शौर्य और सामाजिक एकता के भाव से ओतप्रोत हो उठा।

रैली में बड़ी संख्या में समाजबंधुओं, युवाओं, महिलाओं और बच्चों ने भाग लेकर महाराणा प्रताप के अदम्य साहस, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति को नमन किया। वरिष्ठ समाजजनों ने कहा कि महाराणा प्रताप का जीवन संघर्ष, त्याग और गौरव की अमर प्रेरणा है, जो आने वाली पीढ़ियों को मार्गदर्शन प्रदान करता रहेगा।

कार्यक्रम में राजस्थान युवा संघ के कार्यकर्ता प्रमोद शर्मा एवं उनकी टीम द्वारा शीतल जल सेवा एवं आइसक्रीम वितरण की व्यवस्था की गई, जिसकी उपस्थित समाजबंधुओं ने सराहना की। इस अवसर पर राजस्थान राजपूत समाज के युवा अध्यक्ष पिंटू बन्ना एवं उनकी कार्यकारिणी का दुपट्टा पहनाकर सम्मानपूर्वक स्वागत किया गया। कार्यक्रम के समापन पर समाज की एकता, संगठन और सांस्कृतिक गौरव को सुदृढ़ करने का संकल्प लिया गया।

Tags: Surat