सूरत : सक्षम स्थापना दिवस पर दिव्यांग प्रतिभाओं का सम्मान, 223 लोगों की रही सहभागिता
प्रेरक अनुभवों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और मार्गदर्शन से सजा समारोह, आत्मनिर्भरता का दिया संदेश
सक्षम स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में सक्षम सूरत महानगर द्वारा पर्वत पाटिया स्थित नरेंद्र पंचासरा परिसर (भक्तिधाम मंदिर के सामने) में दिव्यांग प्रतिभा सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।
समारोह में प्रमुख अतिथियों के रूप में उद्योगपति एवं समाजसेवी जयंतकुमार ठाकोरभाई पटेल, जिला समाज सुरक्षा अधिकारी लालजीभाई पटेल, सक्षम गुजरात प्रदेश के उपाध्यक्ष डॉ. प्रफुलभाई शिरोया, अंतरराष्ट्रीय पैरा बैडमिंटन खिलाड़ी वैशालीबेन निरोशभाई पटेल, एसवीएनआईटी के सीएमओ एवं सक्षम गुजरात प्रांत के उपाध्यक्ष डॉ. संजयभाई शाह, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के केशवनगर संघचालक मोहनसिंहजी राठौड़, सक्षम सूरत महानगर के अध्यक्ष मुकेशजी राठी तथा सचिव मुकेशजी रावल उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में लालजीभाई पटेल ने दिव्यांगजनों को सरकारी योजनाओं एवं दिव्यांग प्रमाण-पत्र से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी। वहीं डॉ. प्रफुलभाई शिरोया ने अपने प्रेरक संबोधन में आत्मविश्वास, स्वावलंबन और सकारात्मक सोच के साथ जीवन में आगे बढ़ने का संदेश दिया। उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन की सराहना करते हुए सक्षम गुजरात प्रदेश अध्यक्ष प्रफुलभाई पटेल (अडणवाला) की ओर से आयोजकों को शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
अंतरराष्ट्रीय पैरा बैडमिंटन खिलाड़ी वैशालीबेन निरोशभाई पटेल ने अपने जीवन संघर्ष और सफलता के अनुभव साझा कर दिव्यांगजनों का उत्साहवर्धन किया। डॉ. संजयभाई शाह ने स्वास्थ्य संबंधी उपयोगी जानकारी दी, जबकि मुकेश रावल ने सक्षम संस्था के सेवा कार्यों और उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाली दिव्यांग प्रतिभाओं का सम्मान किया गया। दिव्यांग भाई-बहनों ने अपने प्रेरणादायी अनुभव साझा किए तथा दिव्यांग कलाकारों की संगीत प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों को भावविभोर कर दिया।
समारोह में 75 दिव्य भाई, 30 दिव्य बहनें, 15 बालक-बालिकाएं, 60 परिजन, 8 विशिष्ट अतिथि, 25 महानगर कार्यकारिणी सदस्य और 10 स्वयंसेवकों सहित कुल 223 लोगों की सहभागिता रही। कार्यक्रम के समापन पर सभी के लिए चाय, अल्पाहार एवं भोजन की व्यवस्था की गई।
