सूरत : वेसू में श्री राम भक्त मंडल का 1562वां संगीतमय सुंदरकांड पाठ, भक्तिमय माहौल में झूमे श्रद्धालु
29 वर्षों से निरंतर हो रहा आयोजन, भक्ति और एकता का संदेश दे रहा मंडल
श्री राम भक्त मंडल की ओर से शनिवार को साप्ताहिक 1562वें संगीतमय सुंदरकांड पाठ का आयोजन वेसू स्थित ए-201, स्वास्तिक वुड्स, व्हाइट लोटस स्कूल रोड पर किया गया। कार्यक्रम का आयोजन संजय बाबूलाल जैन के सौजन्य से हुआ।
मंडल के सुनील माहेश्वरी ने बताया कि इस अवसर पर सालासर बालाजी के सुसज्जित दरबार में मंडल के सदस्यों द्वारा मधुर स्वर में संगीतमय सुंदरकांड पाठ किया गया। कार्यक्रम में महेश मालानी, पवन स्वामी, मुरली तोषनीवाल, राजूभाई प्रजापति एवं धनंजय भट्ट ने भजनों की सुंदर प्रस्तुतियां देकर एवं धमाल गीतों के माध्यम से बाबा का गुणगान किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और भक्तिभाव के साथ सुंदरकांड पाठ में सहभागिता निभाई। भक्ति संगीत और धार्मिक वातावरण से पूरा माहौल भक्तिमय हो गया तथा श्रद्धालु भावविभोर होकर बाबा की आराधना में लीन रहे।
सुनील माहेश्वरी ने बताया कि श्री राम भक्त मंडल द्वारा पिछले 29 वर्षों से प्रत्येक शनिवार एवं विशेष अवसरों पर भक्तों के आवास एवं प्रतिष्ठानों पर निःशुल्क सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन समाज में भक्ति, संस्कार और एकता का संदेश दे रहा है तथा नई पीढ़ी को भी धार्मिक परंपराओं से जोड़ने का कार्य कर रहा है।
