सूरत : अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन का दो दिवसीय नेतृत्व एवं राजनीतिक प्रशिक्षण शिविर लखनऊ में

युवाओं में नेतृत्व क्षमता विकसित करने और राजनीतिक सहभागिता बढ़ाने पर रहेगा विशेष फोकस

सूरत : अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन का दो दिवसीय नेतृत्व एवं राजनीतिक प्रशिक्षण शिविर लखनऊ में

अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन की ओर से समाज के युवाओं एवं प्रतिभाशाली व्यक्तियों को राजनीतिक, सामाजिक और व्यावसायिक नेतृत्व के लिए तैयार करने के उद्देश्य से 22 एवं 23 अगस्त 2026 को लखनऊ के गोमतीनगर स्थित महाराजा अग्रसेन पब्लिक स्कूल में दो दिवसीय नेतृत्व एवं राजनीतिक प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा।

संगठन के राष्ट्रीय चेयरमैन प्रदीप मित्तल, राष्ट्रीय अध्यक्ष कुलभूषण मित्तल एवं राष्ट्रीय महामंत्री राजेश भारूका ने संयुक्त रूप से बताया कि अग्रवाल समाज ने देश के आर्थिक और सामाजिक विकास में उल्लेखनीय योगदान दिया है, लेकिन राजनीतिक प्रतिनिधित्व अपेक्षित स्तर तक नहीं पहुंच पाया है। इसी कमी को दूर करने तथा युवाओं में नेतृत्व कौशल विकसित करने के उद्देश्य से इस विशेष प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जा रहा है।

राष्ट्रीय महामंत्री राजेश भारूका ने बताया कि शिविर में अनुभवी विशेषज्ञ विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर प्रशिक्षण देंगे। इसमें टीम रणनीति विषय पर रमेश सिंघल (जींद), चुनाव प्रबंधन एवं समन्वय पर अनिल सिंघानिया (दिल्ली), व्यवसाय एवं उद्यमिता की रणनीति पर रोकेश सूरज (दिल्ली), मीडिया एवं डिजिटल मीडिया प्रबंधन पर नितिन अग्रवाल (जयपुर) तथा प्रभावी वक्तृत्व कला पर अरुण सार्फ (चरखी दादरी) प्रतिभागियों का मार्गदर्शन करेंगे।

कौशल विकास समिति के राष्ट्रीय संयोजक अशोक बुवानीवाला एवं पूर्वी उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष सुधीर हलवासिया ने बताया कि शिविर का उद्देश्य समाज में प्रभावी नेतृत्व तैयार करना, राजनीतिक जागरूकता बढ़ाना तथा युवाओं को संगठनात्मक, जनसंपर्क और संवाद कौशल से सशक्त बनाना है। उन्होंने अधिक से अधिक युवाओं एवं इच्छुक प्रतिभागियों से समय रहते पंजीकरण कराने की अपील की।

गुजरात प्रदेश अध्यक्ष रतनलाल दारुका ने विशेष रूप से गुजरात के इच्छुक सदस्यों से शीघ्र पंजीकरण कराने का आग्रह करते हुए कहा कि इच्छुक प्रतिभागी अपने-अपने क्षेत्र के अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन के पदाधिकारियों से संपर्क कर शिविर के लिए पंजीकरण करवा सकते हैं।

Tags: Surat