सूरत : स्व. विक्रम सिंह शेखावत की स्मृति में आठवें अनोखे प्याऊ एवं वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम का लोकार्पण

राजस्थान युवा संघ, सूरत की पहल से जल सेवा और जल संरक्षण को मिला नया आयाम

सूरत : स्व. विक्रम सिंह शेखावत की स्मृति में आठवें अनोखे प्याऊ एवं वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम का लोकार्पण

 राजस्थान युवा संघ, सूरत के सौजन्य से तथा साकेत ग्रुप एवं चाय पे चर्चा चैरिटेबल ट्रस्ट के सहयोग से स्वर्गीय विक्रम सिंह शेखावत की स्मृति में गोडादरा स्थित एसएमसी गार्डन में स्थापित आठवें अनोखे प्याऊ एवं वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम का लोकार्पण समारोह भव्य एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।

प्याऊ का उद्घाटन स्व. विक्रम सिंह शेखावत के छोटे भाई प्रदीप शेखावत एवं उनके सुपुत्र कुशाग्र शेखावत के करकमलों द्वारा किया गया। समारोह में सूरत कलेक्टर तेजस परमार, सूरत पुलिस कमिश्नर अनुपम सिंह गहलोत, विधायक संगीता बेन पाटिल, सांवर प्रसाद बुधिया, कैलाश हाकिम, सामाजिक अग्रणी परमेश्वर राजपूत, सूरत भाजपा उपाध्यक्ष रतन भालावट, दिनेश कटारिया, संजय बोथरा, सुभाष डावर, पार्षद दिनेश राजपुरोहित, पूर्व डिप्टी मेयर नरेंद्र पाटिल, कृष्णा बिल्डर्स के तोलाराम सारस्वत एवं लालचंद सारस्वत सहित अनेक गणमान्य अतिथि एवं समाजबंधु उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा एवं केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल के नेतृत्व में संचालित “जल संचय–जन भागीदारी जन आंदोलन” अभियान के अंतर्गत निर्मित वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम का भी उद्घाटन किया गया। अतिथियों ने जल संरक्षण की इस पहल को वर्तमान समय की आवश्यकता बताते हुए इसकी सराहना की।

अपने संबोधन में सूरत पुलिस कमिश्नर अनुपम सिंह गहलोत ने स्व. विक्रम सिंह शेखावत के सामाजिक योगदान को याद करते हुए कहा कि निस्वार्थ भाव से समाज सेवा कैसे की जाती है, यह उनके जीवन और कार्यों से प्रेरणा लेने योग्य है। उन्होंने कहा कि विक्रम सिंह शेखावत का व्यक्तित्व समाजसेवियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।

सूरत कलेक्टर तेजस परमार ने साकेत ग्रुप द्वारा किए जा रहे सामाजिक एवं जनहितकारी कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसी पहलें समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के साथ-साथ अन्य संस्थाओं को भी प्रेरित करती हैं।

विधायक संगीता बेन पाटिल ने कहा कि स्व. विक्रम सिंह शेखावत राजस्थान समाज के लिए हर परिस्थिति में मजबूती से खड़े रहने वाले व्यक्तित्व थे। उनका असामयिक निधन समाज के लिए अपूरणीय क्षति है।

कैलाश हाकिम ने स्व. विक्रम सिंह शेखावत के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद करते हुए कहा कि उन्होंने समाजहित में अनेक ऐसे कार्यों की नींव रखी, जिनका लाभ आज भी समाज को मिल रहा है। उन्होंने राजस्थान युवा संघ के कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि विक्रम सिंह शेखावत के अधूरे सामाजिक कार्यों और उनके सपनों को पूरा करने के लिए समर्पण भाव से आगे बढ़ें।

अतिथियों ने राजस्थान युवा संघ द्वारा संचालित इस सेवा प्रकल्प की सराहना करते हुए कहा कि यह प्याऊ क्षेत्रवासियों को शुद्ध एवं शीतल जल उपलब्ध कराने के साथ-साथ स्व. विक्रम सिंह शेखावत की सेवा भावना और समाज के प्रति उनके प्रेम की स्मृति को भी जीवंत रखेगा।

कार्यक्रम का संचालन राजस्थान युवा संघ के सचिव जगदीश शर्मा ने किया। उन्होंने उपस्थित अतिथियों, समाजबंधुओं एवं सहयोगी संस्थाओं का स्वागत करते हुए कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की।

समापन अवसर पर साकेत ग्रुप के सांवर प्रसाद बुधिया ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने विशेष रूप से सूरत म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन द्वारा प्याऊ के लिए जल सेवा उपलब्ध कराने तथा कृष्णा बिल्डर्स द्वारा विद्युत व्यवस्था में सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि समाज, प्रशासन और उद्योग जगत के सामूहिक सहयोग से ही ऐसे जनसेवा के प्रकल्प सफलतापूर्वक संचालित हो पाते हैं।

राजस्थान युवा संघ द्वारा स्व. विक्रम सिंह शेखावत की स्मृति में स्थापित यह प्याऊ केवल जल सेवा का केंद्र नहीं, बल्कि उनके सेवा, समर्पण और समाज उत्थान की भावना का जीवंत स्मारक है। वहीं वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम जल संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। ये दोनों प्रकल्प स्व. विक्रम सिंह शेखावत के सेवा और समाज कल्याण के संकल्पों को आगे बढ़ाने का माध्यम बनेंगे।

Tags: Surat