सूरत : अग्रवाल हेल्थ सेंटर के रियायती स्वास्थ्य जांच शिविर में 94 लोगों ने लाभ लिया
अल्थान में जल्द शुरू होगा प्राथमिक चिकित्सालय, अग्रसेन जयंती पर विशाल स्वास्थ्य शिविर की तैयारी
अग्रवाल हेल्थ सेंटर द्वारा आयोजित रियायती स्वास्थ्य जांच शिविर में रविवार को लोगों का उत्साह देखने को मिला। अपेक्षा से अधिक संख्या में पहुंचे लाभार्थियों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। शिविर में कुल 94 लोगों की विभिन्न स्वास्थ्य जांच की गई, जबकि 11 वरिष्ठ नागरिकों के घर जाकर सैंपल संग्रह के लिए पंजीकरण भी किया गया।
हेल्थ सेंटर के प्रभारी विनोद चिड़ावावाला ने बताया कि वरिष्ठ नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ट्रस्ट द्वारा घर-घर जाकर सैंपल संग्रह की व्यवस्था भी की जा रही है, जिससे उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
शिविर के दौरान अग्रवाल समाज पर्वत पटिया के अध्यक्ष राजू भाई अग्रवाल ने अपने परिवार सहित स्वास्थ्य जांच करवाई। उन्होंने ट्रस्ट की इस जनसेवा पहल की सराहना करते हुए कहा कि रियायती दरों पर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना समाज के लिए अत्यंत उपयोगी और सराहनीय कार्य है। शिविर के सफल संचालन में अरविंद गाड़िया, विमल झाझड़िया एवं प्रकाश बेरीवाल का विशेष सहयोग रहा।
विनोद चिड़ावावाला ने बताया कि ट्रस्ट की ओर से जल्द ही अल्थान क्षेत्र में एक आधुनिक प्राथमिक चिकित्सालय शुरू किया जाएगा। इसके साथ ही आगामी अग्रसेन जयंती के अवसर पर उसी परिसर में एक विशाल स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने की भी योजना बनाई जा रही है, ताकि अधिक से अधिक लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके।
