सूरत : पुलिस कमिश्नर अनुपम सिंह गहलोत को भावभीनी विदाई, वबांग जमीर ने संभाला कार्यवाहक पुलिस कमिश्नर का पद

रस्सी से खींचकर सरकारी वाहन को दिया गया पारंपरिक गार्ड ऑफ ऑनर, पुलिस अधिकारियों और जवानों ने दी भावनात्मक विदाई

सूरत : पुलिस कमिश्नर अनुपम सिंह गहलोत को भावभीनी विदाई, वबांग जमीर ने संभाला कार्यवाहक पुलिस कमिश्नर का पद

सूरत। सूरत पुलिस महकमे में शुक्रवार को बड़ा प्रशासनिक बदलाव देखने को मिला। राज्य सरकार के तबादला आदेश के बाद पुलिस कमिश्नर अनुपम सिंह गहलोत ने औपचारिक रूप से अपना कार्यभार छोड़ दिया। उनके स्थान पर 2004 बैच के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी वबांग जमीर ने सूरत शहर के कार्यवाहक (इंचार्ज) पुलिस कमिश्नर का पदभार संभाल लिया।

इस अवसर पर सूरत पुलिस मुख्यालय में पुलिस कमिश्नर अनुपम सिंह गहलोत के सम्मान में भावभीना विदाई समारोह आयोजित किया गया। पुलिस विभाग की परंपरा के अनुसार उनकी सरकारी कार को फूलों से सजाया गया और वरिष्ठ अधिकारियों तथा पुलिसकर्मियों ने रस्सी से वाहन को खींचकर उन्हें पारंपरिक गार्ड ऑफ ऑनर दिया।

समारोह में पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों, डीसीपी, एसीपी तथा बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों ने भाग लिया। विदाई के दौरान कई अधिकारी और जवान भावुक नजर आए।

अपने कार्यकाल में अनुपम सिंह गहलोत ने संगठित अपराध और गैंगस्टरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के साथ-साथ जनकेंद्रित पुलिसिंग को प्राथमिकता दी, जिसके कारण वे पुलिस महकमे और आम नागरिकों के बीच लोकप्रिय रहे।

वबांग जमीर संभालेंगे जिम्मेदारी

राज्य सरकार ने वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी वबांग जमीर को सूरत शहर के पुलिस कमिश्नर का अतिरिक्त प्रभार सौंपा है। वबांग जमीर इससे पहले सूरत में सेक्टर-2 के संयुक्त पुलिस आयुक्त (जेसीपी) के रूप में कार्य कर चुके हैं और शहर की प्रशासनिक एवं कानून-व्यवस्था से भली-भांति परिचित हैं।

उन्होंने सूरत रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) का अतिरिक्त प्रभार भी संभाला है, जिसके तहत तापी, नवसारी, वलसाड और डांग जैसे जिलों में कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी निभाई। पुलिस विभाग में उनकी पहचान एक ईमानदार, निष्पक्ष और सशक्त प्रशासनिक अधिकारी के रूप में मानी जाती है।

मूल रूप से 2004 बैच के नागालैंड कैडर के आईपीएस अधिकारी वबांग जमीर अंतरराज्यीय प्रतिनियुक्ति (इंटर-स्टेट डेपुटेशन) के तहत गुजरात कैडर में सेवाएं दे रहे हैं। उन्हें उत्तर-पूर्व के उग्रवाद प्रभावित क्षेत्रों में कार्य करने का भी व्यापक अनुभव है, जिसका लाभ अब सूरत पुलिस प्रशासन को मिलेगा।

Tags: Surat