सूरत : रोटरी क्लब ऑफ सूरत की नई टीम का शपथ ग्रहण समारोह संपन्न

रोटेरियन हर्षद किनखाबवाला ने संभाली अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी, समाज सेवा के सात प्रमुख क्षेत्रों पर रहेगा फोकस

सूरत : रोटरी क्लब ऑफ सूरत की नई टीम का शपथ ग्रहण समारोह संपन्न

सूरत। वर्ष 1937 में स्थापित 90 वर्ष पुराने प्रतिष्ठित रोटरी क्लब ऑफ सूरत की नई कार्यकारिणी के पदभार ग्रहण समारोह का आयोजन भव्य रूप से किया गया। समारोह में नव-निर्वाचित अध्यक्ष रोटेरियन हर्षद किंखाबवाला एवं उनकी टीम ने पदभार ग्रहण किया।

कार्यक्रम का संचालन रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3060 के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रोटेरियन नीलेश शाह की अध्यक्षता में हुआ, जबकि पूर्व रोटरी इंटरनेशनल डायरेक्टर कमल संघवी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

समारोह में निवर्तमान अध्यक्ष रोटेरियन कुंदन शाह और उनकी टीम को एक वर्ष के दौरान चार अंतरराष्ट्रीय ग्रांट्स के माध्यम से समाज सेवा के क्षेत्र में किए गए उल्लेखनीय कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। इस अवसर पर रोटेरियन कमल गांधी ने क्लब की वर्षभर की गतिविधियों का विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत किया।

अपने अध्यक्षीय संबोधन में हर्षद किनखाबवाला ने कहा कि उनकी टीम पर्यावरण संरक्षण, आर्थिक विकास, बुनियादी शिक्षा एवं साक्षरता, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, स्वच्छ जल एवं स्वच्छता, रोग निवारण एवं उपचार तथा शांति स्थापना एवं विवाद समाधान जैसे सात प्रमुख क्षेत्रों में सेवा कार्यों को आगे बढ़ाएगी।

डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नीलेश शाह ने अपने संबोधन में कहा कि रोटरी के उज्ज्वल भविष्य के लिए रोटरैक्ट और इंटरैक्ट क्लबों को और अधिक मजबूत बनाने की आवश्यकता है।

उन्होंने कहा कि केवल सदस्य संख्या बढ़ाने पर नहीं, बल्कि आपसी सौहार्द और फेलोशिप को बढ़ावा देने पर ध्यान केंद्रित किया जाना चाहिए, ताकि अधिक लोग रोटरी से जुड़ने के लिए प्रेरित हों।

मुख्य अतिथि कमल संघवी ने कहा कि उनका सपना ऐसी शांतिपूर्ण दुनिया का है, जहां प्रत्येक व्यक्ति को शिक्षा, भोजन, स्वच्छ पानी, स्वास्थ्य सेवाएं और सम्मानजनक जीवन का अधिकार प्राप्त हो।

उन्होंने प्रभावी नेतृत्व के लिए समय प्रबंधन और मानव संसाधन प्रबंधन को सबसे महत्वपूर्ण गुण बताते हुए रोटरी में योग्यता और उत्कृष्टता को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।

कार्यक्रम में पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर हिमांशु ठक्कर, हितेश जरीवाला, तुषार शाह, असिस्टेंट गवर्नर अशोक सिंघल, विभिन्न रोटरी क्लबों के पदाधिकारी, रोटरैक्ट क्लब, रोटरी कम्युनिटी कॉर्प्स, इनरव्हील क्लब तथा इंटरैक्ट क्लब के प्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित रहे। समारोह उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

Tags: Surat