सूरत : अंगदान जागरूकता को नई दिशा: डोनेट लाइफ और VNSGU के बीच MOU, ‘YODHA’ मिशन का शुभारंभ
छात्रों को अंगदान अभियान से जोड़ने, इंटर्नशिप और ट्रांसप्लांट कोऑर्डिनेशन में करियर अवसर उपलब्ध कराने पर रहेगा विशेष फोकस
सूरत। अंगदान और जीवनदान के प्रति युवाओं तथा समाज में व्यापक जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से डोनेट लाइफ और वीर नर्मद साउथ गुजरात यूनिवर्सिटी (वीएनएसजीयू) के बीच एक महत्वपूर्ण मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग (MOU) पर हस्ताक्षर किए गए।
इस अवसर पर युवाओं को अंगदान अभियान से जोड़ने के लिए ‘YODHA’ (Youth Organ Donation Health Awareness) मिशन की भी घोषणा की गई।
दो दशकों से अधिक समय से अंगदान जागरूकता के क्षेत्र में सक्रिय डोनेट लाइफ देशभर में लोगों को अंगदान के प्रति प्रेरित करने का कार्य कर रही है।
संस्था और वीएनएसजीयू के बीच हुए इस समझौते का उद्देश्य विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों में अंग एवं ऊतक (टिश्यू) दान के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा उन्हें इस क्षेत्र में व्यावहारिक अनुभव उपलब्ध कराना है।
MOU के तहत NSS, MSW और विभिन्न शैक्षणिक संकायों के विद्यार्थियों को अंगदान से संबंधित विशेष प्रशिक्षण और इंटर्नशिप के अवसर प्रदान किए जाएंगे। इससे विद्यार्थियों को ट्रांसप्लांट कोऑर्डिनेटर जैसे उभरते पेशेवर क्षेत्रों में रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे और वे अंगदान प्रक्रिया की गहन समझ विकसित कर सकेंगे।
इस साझेदारी का एक प्रमुख उद्देश्य वीएनएसजीयूऔर डोनेट लाइफ को अंगदान, त्वचा दान एवं टिश्यू डोनेशन जागरूकता के क्षेत्र में रोल मॉडल के रूप में स्थापित करना भी है, ताकि देश की अन्य विश्वविद्यालयें भी इस दिशा में प्रेरित हो सकें। साथ ही ‘मिशन 2047’ के लक्ष्यों को ध्यान में रखते हुए शैक्षणिक संस्थानों और सामाजिक संगठनों के बीच सहयोग को मजबूत बनाया जाएगा।
‘YODHA’ अभियान के माध्यम से युवाओं को अंगदान और जीवनदान के संदेश का वाहक बनाया जाएगा। इसके अंतर्गत विश्वविद्यालय परिसर में जागरूकता कार्यक्रम, सेमिनार, कार्यशालाएं, युवा अभियान और अंगदान प्रतिज्ञा (प्लेज) कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
आयोजकों का मानना है कि यह पहल विद्यार्थियों को केवल जागरूक नागरिक ही नहीं, बल्कि “अंगदान—जीवनदान” के संदेश का प्रभावी प्रेरक भी बनाएगी। डोनेट लाइफ और वीएनएसजीयू के बीच यह साझेदारी राज्य और देशभर में अंगदान जागरूकता को नई गति देने के साथ-साथ हजारों मरीजों के लिए जीवन की नई उम्मीद भी साबित हो सकती है।
