सूरत : फोस्टा चुनाव का काउंटडाउन शुरू, पहले दिन नामांकन पत्र लेने उमड़े प्रत्याशी
प्लेटिनम, डायमंड और गोल्ड श्रेणी में कुल 27 नामांकन पत्र वितरित, व्यापारियों में दिखा उत्साह
सूरत। फेडरेशन ऑफ सूरत ट्रेड एंड टेक्सटाइल एसोसिएशन (फोस्टा) के आगामी चुनावों का काउंटडाउन शुरू हो गया है। चुनाव प्रक्रिया के तहत गुरुवार, 4 जून 2026 से नामांकन पत्रों के वितरण का कार्य फोस्टा कार्यालय में विधिवत प्रारंभ कर दिया गया। चुनाव अधिकारियों की उपस्थिति में दोपहर 2 बजे से नामांकन पत्र वितरण की प्रक्रिया शुरू हुई।
फोस्टा चुनाव को लेकर व्यापारिक समुदाय में खासा उत्साह और जोश देखने को मिला। चुनाव के पहले ही दिन विभिन्न श्रेणियों के संभावित उम्मीदवारों ने बड़ी संख्या में नामांकन पत्र प्राप्त किए। प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्लेटिनम श्रेणी से 14, डायमंड श्रेणी से 4 तथा गोल्ड श्रेणी से 9 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र लिए। इस प्रकार पहले दिन कुल 27 नामांकन पत्र वितरित किए गए।
चुनाव समिति ने बताया कि इच्छुक प्रत्याशी 5 और 6 जून 2026 को दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक फोस्टा कार्यालय से नामांकन पत्र प्राप्त कर सकते हैं।
नामांकन पत्र वितरण की प्रक्रिया चुनाव अधिकारी अशोक जैन, बृजमोहन अग्रवाल और सचिन अग्रवाल की देखरेख में शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हुई।
फोस्टा चुनाव प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही व्यापारिक जगत में चुनावी गतिविधियों ने रफ्तार पकड़ ली है। आने वाले दिनों में विभिन्न श्रेणियों में उम्मीदवारों की सक्रियता बढ़ने के साथ चुनावी माहौल और अधिक गर्माने की संभावना है।
