सूरत : तकनीकी खराबी के चलते भारतीय सेना के हेलीकॉप्टर की सूरत एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग
वडोदरा से नासिक जा रहा था हेलीकॉप्टर, सभी सेना कर्मी सुरक्षित
सूरत। भारतीय सेना के एक हेलीकॉप्टर की तकनीकी खराबी के चलते गुरुवार को सूरत एयरपोर्ट पर एहतियातन आपातकालीन लैंडिंग कराई गई। घटना में किसी प्रकार की जनहानि या घायल होने की सूचना नहीं है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हेलीकॉप्टर संख्या IA-1165 21 मई 2026 को दोपहर करीब 3:21 बजे वडोदरा एयरफोर्स स्टेशन से नासिक के लिए रवाना हुआ था। हेलीकॉप्टर में चार सेना कर्मी सवार थे।
उड़ान के दौरान तकनीकी खराबी सामने आने के बाद सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पायलट द्वारा सूरत एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग का निर्णय लिया गया। हेलीकॉप्टर की लैंडिंग सुरक्षित रूप से संपन्न हुई और सभी सेना कर्मी पूरी तरह सुरक्षित बताए गए हैं।
घटना के बाद संबंधित अधिकारियों द्वारा हेलीकॉप्टर का तकनीकी निरीक्षण शुरू कर दिया गया है तथा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
एयरपोर्ट पर सेन्ट्रल इंडस्ट्रीयल सिक्युरीटी फोर्स (सीआईएसएफ) और अन्य संबंधित एजेंसियों ने समन्वय बनाते हुए सुरक्षा व्यवस्था संभाली।
