सूरत : सीए फाउंडेशन परीक्षा में आरसीआई के छात्रों का शानदार प्रदर्शन
सूरत से 2125 में से 458 विद्यार्थी सफल, तीन छात्रों ने ऑल इंडिया रैंक प्राप्त कर शहर का बढ़ाया गौरव
सूरत। द इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (आईसीएआई), नई दिल्ली द्वारा सीए फाउंडेशन परीक्षा (मई-2026) का परिणाम 3 जुलाई 2026 को घोषित किया गया। परिणाम में सूरत के विद्यार्थियों ने उल्लेखनीय सफलता हासिल करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
आईसीएआई सूरत ब्रांच ( डब्लूआईआरसी) के अध्यक्ष सीए राहुल अग्रवाल ने बताया कि सूरत से कुल 2,125 विद्यार्थियों ने परीक्षा में भाग लिया था, जिनमें से 458 विद्यार्थी सफल रहे। वहीं, देशभर में 90,217 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जिनमें से 18,124 विद्यार्थियों ने सफलता प्राप्त की।
सूरत के विद्यार्थियों ने ऑल इंडिया रैंक (एआईआर) सूची में भी शानदार प्रदर्शन किया। वंदन बिहानी ने ऑल इंडिया रैंक-10 प्राप्त कर सूरत में पहला स्थान हासिल किया। धीर मुरारका ने AIR-11 के साथ शहर में दूसरा स्थान प्राप्त किया, जबकि इस्माइल इब्राहीमभाई माहेसरी ने सूरत में तीसरा स्थान प्राप्त कर शहर का गौरव बढ़ाया।
आईसीएआई सूरत ब्रांच (डब्लुआईआरसी) ने सभी सफल विद्यार्थियों को उनकी उपलब्धि पर हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर रवि छावछरिया इंस्टीट्यूट (आरसीआई) के संस्थापक एवं मार्गदर्शक रवि छावछरिया ने बताया कि मई-2026 की सीए फाउंडेशन परीक्षा में संस्थान के विद्यार्थियों का प्रदर्शन अत्यंत उत्कृष्ट रहा। RCI के तीन विद्यार्थियों ने सूरत के शीर्ष-5 में स्थान बनाया, जबकि संस्थान के 180 से अधिक विद्यार्थियों ने सीए फाउंडेशन परीक्षा उत्तीर्ण की।
उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष राष्ट्रीय स्तर पर परिणाम बेहतर रहा है। पिछले वर्ष जहां सफलता प्रतिशत लगभग 15 प्रतिशत था, वहीं इस बार यह बढ़कर 20 प्रतिशत तक पहुंच गया है।
आरसीआई के छात्र इस्माइल माहेसरी ने मार्च-2026 में कक्षा 12 की परीक्षा देने के बाद मई-2026 में सीए फाउंडेशन परीक्षा दी और 332 अंक प्राप्त कर सूरत में तीसरा स्थान हासिल किया। निरंजन टंडेल ने 330 अंक के साथ शहर में चौथा स्थान प्राप्त किया।
इसके अलावा संस्थान के विद्यार्थियों में भव्या गोयल (332 अंक), नंद सुखवाला (310 अंक), पर्व शाह (308 अंक), यश सुखवाला (305 अंक), प्रतीक जिवनाने (303 अंक), मानवी कुमारी (302 अंक) तथा याना शाह (301 अंक) ने भी सीए फाउंडेशन परीक्षा सफलतापूर्वक उत्तीर्ण कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
