सूरत : पांडेसरा में जर्जर मकान की गैलरी और सीढ़ियां भरभराकर गिरीं, छह लोगों का सुरक्षित रेस्क्यू

मुक्तिनगर में हादसे के बाद मची अफरा-तफरी; मलबे में रिक्शा और बाइक दबे, फायर ब्रिगेड और पुलिस की तत्परता से टला बड़ा हादसा

सूरत : पांडेसरा में जर्जर मकान की गैलरी और सीढ़ियां भरभराकर गिरीं, छह लोगों का सुरक्षित रेस्क्यू

सूरत। मानसून की शुरुआत के साथ ही सूरत में जर्जर भवनों से जुड़े हादसे सामने आने लगे हैं। लगातार दूसरे दिन पांडेसरा क्षेत्र के मुक्तिनगर में एक ग्राउंड प्लस दो मंजिला मकान की गैलरी और सीढ़ियां अचानक भरभराकर गिर गईं।

हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि समय रहते राहत एवं बचाव कार्य शुरू होने से सभी फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मकान की गैलरी और मुख्य सीढ़ियां अचानक तेज धमाके के साथ ढह गईं। सीढ़ियां गिरने से ऊपरी मंजिल पर रहने वाले लोग नीचे नहीं उतर सके और भवन में कई लोग फंस गए।

घटना की सूचना मिलते ही 112 के माध्यम से पांडेसरा पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं। मुख्य सीढ़ियां पूरी तरह क्षतिग्रस्त होने के बावजूद फायर कर्मियों ने वैकल्पिक मार्ग से भवन में पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान चलाया।

पांडेसरा पुलिस स्टेशन के पीआई के.डी. जडेजा ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार भवन में कुल पांच से छह लोग फंसे हुए थे। फायर ब्रिगेड ने सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

गैलरी और सीढ़ियों का बड़ा हिस्सा नीचे गिरने से वहां खड़े एक रिक्शा और एक मोटरसाइकिल मलबे में दब गए, जिससे दोनों वाहनों को भारी नुकसान पहुंचा। हादसे के बाद क्षेत्र को सुरक्षा की दृष्टि से घेर लिया गया और पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया।

फायर ब्रिगेड की टीम जेसीबी और अन्य मशीनों की सहायता से मलबा हटाने का कार्य कर रही है। साथ ही भवन की संरचनात्मक स्थिति का भी आकलन किया जा रहा है ताकि आगे किसी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके।

मानसून के शुरुआती दिनों में जर्जर भवनों के लगातार हिस्से गिरने की घटनाओं ने शहर में पुराने और खस्ताहाल मकानों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता पैदा कर दी है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से ऐसे भवनों का तत्काल सर्वे कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।

Tags: Surat