सूरत : प्रसिद्ध त्वचा रोग विशेषज्ञ समेत तीन डॉक्टर 13 माह के लिए निलंबित
फार्मा कंपनी से विदेश यात्रा और सम्मेलन का खर्च लेने पर गुजरात मेडिकल काउंसिल की कार्रवाई, मेडिकल एथिक्स के उल्लंघन का मामला
सूरत। गुजरात मेडिकल काउंसिल (GMC) ने मेडिकल एथिक्स के नियमों के उल्लंघन के मामले में राज्य के तीन प्रतिष्ठित त्वचा रोग विशेषज्ञों के मेडिकल रजिस्ट्रेशन को 13 महीने के लिए निलंबित कर दिया है।
इस कार्रवाई के दायरे में सूरत के डॉ. जगदीश कुमार सखिया, अहमदाबाद की डॉ. अमी शाह और डॉ. गीता पटेल शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार, तीनों चिकित्सकों ने पेरिस में आयोजित एक अंतरराष्ट्रीय मेडिकल कॉन्फ्रेंस में भाग लेने के लिए फार्मास्युटिकल कंपनी एबे हेल्थकेयर इंडिया प्राइवेट लिमिटेड से यात्रा, आवास और अन्य आतिथ्य संबंधी खर्च स्वीकार किए थे। गुजरात मेडिकल काउंसिल ने इसे मेडिकल एथिक्स और प्रोफेशनल कंडक्ट के नियमों का उल्लंघन माना है।
काउंसिल के निर्णय के अनुसार, तीनों डॉक्टरों का मेडिकल रजिस्ट्रेशन 13 महीने के लिए निलंबित रहेगा। इस अवधि के दौरान वे चिकित्सा व्यवसाय (मेडिकल प्रैक्टिस) नहीं कर सकेंगे।
निर्धारित अवधि पूरी होने के बाद ही नियमानुसार उनका पंजीकरण पुनः प्रभावी होगा और वे चिकित्सा सेवाएं दे सकेंगे।
गुजरात मेडिकल काउंसिल का मानना है कि चिकित्सकों द्वारा दवा कंपनियों से किसी प्रकार के व्यक्तिगत आर्थिक लाभ, विदेश यात्रा, आवास या आतिथ्य स्वीकार करना मेडिकल पेशे की निष्पक्षता और नैतिक मानकों के विरुद्ध है।
इसी आधार पर तीनों चिकित्सकों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई है।
