सूरत : नगर निगम मुख्यालय को बम से उड़ाने की धमकी, पुलिस ने खाली कराया तापी भवन

मेयर को ई-मेल के जरिए मिली धमकी; डॉग स्क्वॉड, बम निरोधक दस्ता और साइबर सेल ने संभाला मोर्चा, जांच में अब तक कुछ संदिग्ध नहीं मिला

सूरत : नगर निगम मुख्यालय को बम से उड़ाने की धमकी, पुलिस ने खाली कराया तापी भवन

सूरत। सूरत महानगर पालिका (एसएमसी) के मुख्य प्रशासनिक भवन ‘तापी भवन’ को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद बुधवार को नगर निगम परिसर में हड़कंप मच गया।

मेयर कार्यालय की ई-मेल आईडी पर भेजे गए धमकी भरे संदेश में दोपहर 3:11 बजे विस्फोट की चेतावनी दी गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस, बम निरोधक दस्ता (बॉम्ब स्क्वॉड), डॉग स्क्वॉड और साइबर सेल की टीमें सक्रिय हो गईं।

सुरक्षा के मद्देनज़र तापी भवन में कार्यरत सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को तत्काल बाहर निकाला गया तथा पूरे भवन को खाली कराकर सघन तलाशी अभियान चलाया गया।

पुलिस ने तापी भवन के सभी कार्यालयों, गलियारों, पार्किंग क्षेत्र और आसपास के परिसर की विस्तृत जांच की। इसके साथ ही आसपास खड़े वाहनों की भी जांच की गई और ड्रोन के माध्यम से निगरानी रखी गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मेयर कार्यालय को सुबह करीब 11 बजे एक ई-मेल प्राप्त हुआ था। ई-मेल भेजने वाले ने स्वयं को “गुजरात बोलेगा खालिस्तान” नाम से संबोधित करते हुए आईईडी से भरी कार के माध्यम से विस्फोट करने की धमकी दी थी। संदेश में मेयर को उस दिन कार्यालय न आने की चेतावनी भी दी गई थी।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए और नगर निगम मुख्यालय के सभी प्रवेश द्वारों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। आम नागरिकों और कर्मचारियों के प्रवेश पर अस्थायी रूप से रोक लगा दी गई। भवन के बाहर पुलिस बल और नगर निगम मार्शलों की तैनाती की गई।

मामले की जानकारी देते हुए एसीपी आर.आर. अहीर ने बताया कि धमकी भरे ई-मेल की सूचना मिलते ही सुरक्षा एजेंसियों को सक्रिय कर दिया गया था। डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ते द्वारा पूरे परिसर की गहन जांच की गई, लेकिन अब तक कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है।

पुलिस ने बताया कि ई-मेल में खालिस्तानी समर्थक तत्वों का उल्लेख किया गया है तथा कनाडा में मारे गए खालिस्तानी समर्थक हरदीप सिंह निज्जर की हत्या का बदला लेने जैसी बातें भी लिखी गई हैं। हालांकि, सुरक्षा एजेंसियां फिलहाल ई-मेल की सत्यता और उसके स्रोत की तकनीकी जांच कर रही हैं।

इस बीच, सूरत साइबर सेल ने धमकी भरा ई-मेल भेजने वाले की पहचान और लोकेशन का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष नजर रखी जा रही है।

प्रारंभिक जांच में कोई विस्फोटक सामग्री या संदिग्ध वस्तु नहीं मिलने से प्रशासन ने राहत की सांस ली है, लेकिन पूरे मामले को लेकर जांच अभी जारी है।

Tags: Surat