सूरत : एएम/एनएस इंडिया ने लॉन्च किया ‘जैग्नेलिस® प्रोटेक्ट’, ऑटोमोबाइल उद्योग को मिलेगा विश्वस्तरीय स्वदेशी स्टील समाधान
आयात पर निर्भरता होगी कम; ‘आत्मनिर्भर भारत’ और अगली पीढ़ी के ऑटोमोटिव विनिर्माण को मिलेगा बल
सूरत।आर्सेलरमित्तल निप्पन स्टील इंडिया (AM/NS India) ने अपने वैल्यू-ऐडेड स्टील पोर्टफोलियो का विस्तार करते हुए ‘जैग्नेलिस® प्रोटेक्ट’ (Zagnelis® Protect) नामक प्रीमियम जिंक-एल्युमिनियम-मैग्नीशियम कोटेड स्टील ब्रांड लॉन्च किया है।
यह विश्वस्तरीय और पेटेंटेड स्टील विशेष रूप से उच्च प्रदर्शन वाले ऑटोमोटिव अनुप्रयोगों के लिए विकसित किया गया है। यूरोपीय बाजारों में अपनी सफलता साबित कर चुका यह उत्पाद अब पहली बार भारत में उपलब्ध कराया गया है।
हजीरा स्थित कंपनी के अनुसार, भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा वाहन उत्पादक देश है, लेकिन अब तक इस श्रेणी के उन्नत कोटेड स्टील उत्पाद मुख्य रूप से आयात किए जाते थे। चेन्नई में प्रमुख ऑटोमोटिव ग्राहकों की उपस्थिति में हुए इस लॉन्च के साथ एएम/एनएस इंडिया भारत में इस तकनीक को स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराने वाली पहली कंपनी बन गई है।
कंपनी का मानना है कि ऑटोमोबाइल उद्योग में टिकाऊपन, सुरक्षा, प्रदर्शन और विनिर्माण गुणवत्ता को लेकर बढ़ती अपेक्षाओं के बीच ‘जैग्नेलिस® प्रोटेक्ट’ निर्माताओं को तेज आपूर्ति, निरंतर गुणवत्ता और बेहतर सप्लाई चेन का लाभ प्रदान करेगा। शुरुआती चरण में इसका उपयोग वाहनों में लगने वाली डायरेक्ट करंट (DC) मोटरों के लिए आवश्यक ‘मोटर कप्स’ के निर्माण में किया जाएगा।
एक कार में ऐसी 20 से 30 मोटरों का उपयोग होने के कारण यह उत्पाद तत्काल व्यावसायिक उपयोगिता प्रदान करेगा।
वर्तमान में भारत में उपयोग होने वाले कई महत्वपूर्ण ऑटोमोटिव स्टील ग्रेड का लगभग 8 से 10 प्रतिशत हिस्सा आयात किया जाता है। विशेषज्ञों का मानना है कि देश में प्रतिवर्ष 3 करोड़ से अधिक वाहनों के उत्पादन और जंग-रोधी, हल्के तथा उच्च गुणवत्ता वाली सामग्रियों की बढ़ती मांग के बीच उन्नत कोटेड स्टील का स्थानीयकरण ऑटोमोटिव क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
एएम/एनएस इंडिया के डायरेक्टर एवं वाइस प्रेसिडेंट (सेल्स एंड मार्केटिंग) श्री रंजन धर ने कहा कि ‘जैग्नेलिस® प्रोटेक्ट’ का लॉन्च देश की ऑटोमोटिव विनिर्माण क्षमता को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने कहा कि यह उत्पाद वैश्विक मानकों के अनुरूप है और ‘स्मार्टर स्टील्स, ब्राइटर फ्यूचर्स’ के विजन के अनुरूप भारत को उच्च गुणवत्ता वाले वैल्यू-ऐडेड स्टील समाधानों से सशक्त करेगा।
उन्होंने बताया कि आर्सेलरमित्तल और निप्पन स्टील की वैश्विक तकनीकी विशेषज्ञता के सहयोग से विकसित यह उत्पाद ऑटोमोबाइल निर्माताओं को आयात पर निर्भरता कम करने, आपूर्ति श्रृंखला को मजबूत बनाने तथा प्रतिस्पर्धात्मक लाभ प्राप्त करने में सहायता करेगा। साथ ही यह ‘आत्मनिर्भर भारत’ अभियान को भी मजबूती प्रदान करेगा।
कंपनी के अनुसार, ‘जैग्नेलिस® प्रोटेक्ट’ पारंपरिक गैल्वनाइज्ड स्टील की तुलना में अधिक जंग-रोधी क्षमता प्रदान करता है। विशेष रूप से कट एज, हेम फ्लैंज और फॉर्म्ड क्षेत्रों में यह बेहतर सुरक्षा देता है। इसमें सेल्फ-हीलिंग प्रोटेक्शन, उत्कृष्ट ड्रॉएबिलिटी और विश्वसनीय वेल्डेबिलिटी जैसी विशेषताएं भी शामिल हैं।
मोटर कप्स के अलावा यह स्टील ऑटोमोटिव उद्योग के विभिन्न अनुप्रयोगों जैसे चेसिस पार्ट्स, डोर इनर पैनल, बोनट इनर पैनल तथा टेलगेट इनर पैनल में भी उपयोग किया जा सकेगा।
यह लॉन्च ऐसे समय में हुआ है जब वित्त वर्ष 2025-26 में भारत में यात्री वाहनों की बिक्री 4.7 मिलियन यूनिट के ऐतिहासिक स्तर को पार कर चुकी है। इससे भारत दुनिया के सबसे बड़े ऑटोमोटिव बाजारों में शामिल होने के साथ-साथ एक महत्वपूर्ण निर्यात केंद्र के रूप में भी उभर रहा है।
कंपनी ने बताया कि ‘जैग्नेलिस® प्रोटेक्ट’ उसके स्वदेशीकरण अभियान का हिस्सा है। इससे पहले एएम/एनएस इंडिया नवीकरणीय ऊर्जा एवं आधारभूत संरचना क्षेत्र के लिए ‘मैग्नेलिस®’ और रूफिंग व क्लैडिंग अनुप्रयोगों के लिए ‘ऑप्टिगल®’ जैसे पेटेंटेड उत्पाद भी भारतीय बाजार में पेश कर चुकी है।
हजीरा में चल रही लगभग ₹60,000 करोड़ की विस्तार परियोजना के तहत कंपनी अगली पीढ़ी के ऑटोमोटिव और वैल्यू-ऐडेड स्टील विनिर्माण को समर्थन देने के लिए अत्याधुनिक अपस्ट्रीम, डाउनस्ट्रीम और बुनियादी ढांचा सुविधाओं का विकास भी कर रही है।
