सूरत : मेहंदी प्रशिक्षण के साथ अग्रवाल विकास ट्रस्ट के "आत्मनिर्भर अभियान" की शुरुआत
विद्यार्थियों को हुनरमंद बनाने के उद्देश्य से एक माह की मेहंदी कला प्रशिक्षण कक्षा शुरू, रचनात्मक प्रतिभा को मिलेगा प्रोत्साहन
अग्रवाल विकास ट्रस्ट द्वारा दत्तक ली गई सिटी लाइट स्थित महाराजा अग्रसेन एसएमसी प्राथमिक शाला क्रमांक 160 एवं 337 के विद्यार्थियों की प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से बुधवार को "आत्मनिर्भर अभियान-प्रतिभा से प्रगति तक" का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाराजा अग्रसेनजी के माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर विद्यार्थियों के लिए विभिन्न कौशल विकास गतिविधियों की शुरुआत की गई।
महिला शाखा की अध्यक्षा अनुराधा जालान ने बताया कि अभियान के प्रथम चरण में कक्षा 7वीं और 8वीं के लगभग 40 से 50 विद्यार्थियों के लिए एक माह की मेहंदी कला प्रशिक्षण कक्षा प्रारंभ की गई है। प्रशिक्षण के दौरान सूरत की प्रसिद्ध मेहंदी आर्टिस्ट छाया बेन द्वारा विद्यार्थियों को मेहंदी कला की बारीकियां सिखाई जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि इस प्रशिक्षण का उद्देश्य विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा को बढ़ावा देना और उन्हें भविष्य में इस कला के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने का अवसर प्रदान करना है। कार्यक्रम में महिला शाखा की आरती मित्तल, सरोज अग्रवाल, राखी सिंगल, सीमा कोकड़ा, नेहा अग्रवाल, अरुणा अग्रवाल, शालिनी गोयल सहित बड़ी संख्या में सदस्याएं उपस्थित रहीं।
