सूरत : फोस्टा कार्यालय में नेशनल जूट बोर्ड के डिप्टी डायरेक्टर बिश्वनाथ भंसाली का स्वागत, जूट उत्पादों के बढ़ते उपयोग पर हुई चर्चा

पर्यावरण-अनुकूल पैकेजिंग, जूट उद्योग के विस्तार और व्यापारिक अवसरों को लेकर फोस्टा  एवं नेशनल जूट बोर्ड के बीच सकारात्मक संवाद

सूरत : फोस्टा कार्यालय में नेशनल जूट बोर्ड के डिप्टी डायरेक्टर बिश्वनाथ भंसाली का स्वागत, जूट उत्पादों के बढ़ते उपयोग पर हुई चर्चा

सूरत। फेडरेशन ऑफ सूरत ट्रेड एंड टेक्सटाइल एसोसिएशन (फोस्टा) के कार्यालय में बुधवार को भारत सरकार के वस्त्र मंत्रालय के अंतर्गत नेशनल जूट बोर्ड के डिप्टी डायरेक्टर बिश्वनाथ भंसाली का स्वागत किया गया।

इस अवसर पर जूट उत्पादों के उपयोग, पर्यावरण-अनुकूल पैकेजिंग तथा सूरत के वस्त्र उद्योग से जुड़े विभिन्न समसामयिक विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।

कार्यक्रम के दौरान फोस्टा के अध्यक्ष हंसराज जैन एवं संस्था के निदेशकों ने  भंसाली का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर आत्मीय स्वागत किया। फोस्टा महासचिव दिनेश कटारिया ने जानकारी देते हुए कहा कि बैठक में जूट उत्पादों के बढ़ते उपयोग, पर्यावरण संरक्षण तथा वस्त्र व्यापार से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर सकारात्मक विचार-विमर्श किया गया।

 नेशनल जूट बोर्ड के डिप्टी डायरेक्टर बिश्वनाथ भंसाली ने बोर्ड द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में जूट आधारित उत्पादों का उपयोग आज समय की आवश्यकता बन चुका है। उन्होंने व्यापारियों से अधिकाधिक जूट उत्पाद अपनाने का आह्वान किया।

बैठक में सूरत में जूट उद्योग और जूट उत्पादों के व्यापार के विस्तार, उनके प्रचार-प्रसार तथा नए व्यावसायिक अवसरों के सृजन को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई।

इस दौरान फोस्टा के प्रतिनिधियों ने सूरत के कपड़ा व्यापार एवं उद्योग से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर अपने विचार रखे। दोनों पक्षों ने भविष्य में व्यापारियों के हित में नेशनल जूट बोर्ड और फोस्टा के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने तथा जूट उत्पादों के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए मिलकर कार्य करने पर सहमति व्यक्त की।

Tags: Surat