सूरत : यंग इंडियन पार्लियामेंट सीज़न-3 का सिटी लेवल राउंड आयोजित, 13 स्कूलों के 130 विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा

 ऑरो यूनिवर्सिटी में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने देश के प्रमुख मुद्दों पर की संसद जैसी चर्चा, विजेताओं को मिलेगा रीजनल और नेशनल स्तर पर भाग लेने का अवसर

सूरत : यंग इंडियन पार्लियामेंट सीज़न-3 का सिटी लेवल राउंड आयोजित, 13 स्कूलों के 130 विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा

सीआईआई की यूथ कमिटी यंग इंडियन (YI) ऑर्गनाइजेशन की ओर से हजीरा स्थित ऑरो यूनिवर्सिटी में 20 और 21 जून को यंग इंडियन पार्लियामेंट सीज़न-3 का दो दिवसीय सिटी लेवल राउंड आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में सूरत के 13 स्कूलों के कुल 130 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

यंग इंडियन पार्लियामेंट के इस चरण में विद्यार्थियों ने देश से जुड़े वर्तमान और महत्वपूर्ण मुद्दों पर संसद की तर्ज पर चर्चा की। दो दिनों के दौरान बच्चों की सुरक्षा, जलवायु परिवर्तन, टैक्स व्यवस्था और भारत में बढ़ती जनसंख्या जैसी समस्याओं पर विद्यार्थियों ने अपने विचार प्रस्तुत किए।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने पक्ष और विपक्ष के नेताओं की भूमिका निभाई तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया को समझने का प्रयास किया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं को देश में चल रहे महत्वपूर्ण विषयों के प्रति जागरूक बनाना और उन्हें भविष्य की जिम्मेदारियों के लिए तैयार करना है।

सिटी लेवल राउंड में विजेता रहने वाले विद्यार्थियों को आगे अहमदाबाद में आयोजित होने वाले रीजनल राउंड में भाग लेने का अवसर मिलेगा। इसके बाद रीजनल स्तर पर सफल विद्यार्थियों को नई दिल्ली स्थित संसद भवन में चर्चा करने का मौका मिलेगा।

Tags: Surat