सूरत : राजस्थान युवा संघ, सूरत में बाबा बालकनाथ जी का भव्य स्वागत एवं सम्मान
संगठन की गतिविधियों और समाज उत्थान के प्रयासों की दी जानकारी, युवाओं को समाज सेवा एवं राष्ट्र निर्माण के लिए किया प्रेरित
राजस्थान के लोकप्रिय विधायक एवं संत बाबा बालकनाथ जी के सूरत प्रवास के दौरान राजस्थान युवा संघ, सूरत द्वारा संघ कार्यालय में भव्य स्वागत एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राजस्थान समाज के गणमान्य नागरिकों, पदाधिकारियों तथा बड़ी संख्या में समाजबंधुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर बाबा बालकनाथ जी का अभिनंदन किया।
कार्यक्रम के प्रारंभ में राजस्थान युवा संघ के उपाध्यक्ष रामावतार पारीक ने संस्था के विजन एवं भावी योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए समाज के सर्वांगीण विकास, संगठन की मजबूती तथा युवाओं को समाज सेवा से जोड़ने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।
इसके पश्चात संस्था के सचिव जगदीश शर्मा ने राजस्थान युवा संघ का परिचय प्रस्तुत करते हुए संगठन द्वारा समाजहित में संचालित विभिन्न सामाजिक, शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का विस्तृत विवरण दिया।
संघ के वरिष्ठ पदाधिकारी विश्वनाथ पचेरिया ने अपने संबोधन में कहा कि राजस्थान युवा संघ सूरत में निवासरत राजस्थान समाज के लगभग 10 लाख लोगों का प्रतिनिधित्व करने वाली अग्रणी संस्था है। उन्होंने कहा कि संगठन समाज की एकता, उत्थान एवं सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।
अपने उद्बोधन में बाबा बालकनाथ जी ने राजस्थान युवा संघ के कार्यों की सराहना करते हुए गुजरात की धरती पर राजस्थान की गौरवशाली संस्कृति, परंपराओं एवं संस्कारों के संरक्षण और संवर्धन के लिए संस्था का विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रवासी समाज द्वारा अपनी सांस्कृतिक विरासत को जीवंत बनाए रखना प्रेरणादायक और अनुकरणीय कार्य है। उन्होंने शिक्षा, संगठन, संस्कार एवं सेवा भाव को और अधिक सशक्त बनाने का संदेश देते हुए युवाओं से राष्ट्र निर्माण और समाज सेवा में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर संगठन मंत्री अशोक सारस्वत, महेंद्र चौधरी, गिरधारी राजपुरोहित, सहसचिव शक्ति सिंह, सह-कोषाध्यक्ष विनोद सारस्वत, पंकज शर्मा, गणपत भाटी, मीडिया प्रभारी शीशपाल रातूसारिया, मनोहर वैष्णव, वीरेंद्र राजावत, विक्रम राव, श्याम माली सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
समारोह के अंत में बाबा बालकनाथ जी का सम्मान किया गया तथा उपस्थित अतिथियों एवं समाजबंधुओं का आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण, उत्साहपूर्ण एवं प्रेरणादायी वातावरण में संपन्न हुआ।
