सूरत एयरपोर्ट से सियार के शावक को सुरक्षित वन विभाग को सौंपा गया
मां को रेस्क्यू करने के प्रयास रहे असफल, अब प्राकृतिक आवास में पुनर्वास की प्रक्रिया शुरू
सूरत। सूरत एयरपोर्ट परिसर में कुछ दिन पहले मिले सियार के एक शावक को मंगलवार को सुरक्षित रूप से वन विभाग के सुपुर्द कर दिया गया। वन विभाग की टीम शावक को एयरपोर्ट परिसर से बाहर ले गई, जहां उसके प्राकृतिक आवास के अनुरूप सुरक्षित स्थान पर पुनर्वास की प्रक्रिया शुरू की गई।
जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पूर्व एयरपोर्ट के एयरसाइड क्षेत्र में सियार का यह शावक दिखाई दिया था। वन विभाग ने उसे सुरक्षित रेस्क्यू कर पिंजरे में रखा था, ताकि उसकी मां को आकर्षित कर उसे भी सुरक्षित तरीके से पकड़ा जा सके।
हालांकि, कई दिनों तक किए गए प्रयासों के बावजूद शावक की मां को रेस्क्यू करने में सफलता नहीं मिल सकी। इसके बाद वन विभाग ने शावक को एयरपोर्ट परिसर से बाहर सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने का निर्णय लिया।
निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार एयरपोर्ट प्रशासन ने शावक को विधिवत वन विभाग के हवाले कर दिया। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि शावक की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए उसे उसके प्राकृतिक वातावरण में पुनर्वासित किया जाएगा, ताकि वह सामान्य वन्यजीवन के अनुरूप विकसित हो सके।
पूरी कार्रवाई के दौरान वन्यजीव संरक्षण से संबंधित सभी दिशा-निर्देशों और सुरक्षा मानकों का पालन किया गया। एयरपोर्ट प्रशासन और वन विभाग के समन्वय से यह रेस्क्यू एवं पुनर्वास प्रक्रिया शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक संपन्न हुई।
