सूरत : दी सूरत टेक्सटाइल मार्केट सोसायटी चुनाव की प्रक्रिया तेज, 18 जुलाई को होगा मतदान

20 सीटों के लिए 74 उम्मीदवारों ने लिए नामांकन पत्र, 8 जुलाई को जारी होगी अंतिम सूची

सूरत : दी सूरत टेक्सटाइल मार्केट सोसायटी चुनाव की प्रक्रिया तेज, 18 जुलाई को होगा मतदान

दी सूरत टेक्सटाइल मार्केट को-ऑपरेटिव शॉप्स एंड वेयरहाउसेस सोसाइटी लिमिटेड, सूरत के वर्ष 2026-31 कार्यकाल के लिए होने वाले चुनाव की प्रक्रिया तेज हो गई है। सोसायटी की 20 सीटों के लिए आगामी 18 जुलाई 2026 को मतदान आयोजित किया जाएगा। चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया के तहत अब तक कुल 74 उम्मीदवारी पत्रक वितरित किए गए हैं। इनमें 29 जून को 51 और 30 जून को 23 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र प्राप्त किए।

चुनाव कार्यक्रम के अनुसार सभी उम्मीदवारों को 2 जुलाई को शाम 5 बजे तक अपने नामांकन पत्र जमा कराने होंगे। इसके बाद 3 जुलाई को शाम 6 बजे तक उम्मीदवारों की सूची प्रकाशित की जाएगी। 4 जुलाई को शाम 4 बजे तक नामांकन पत्रों की जांच प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

जांच के दौरान नामांकन निरस्त होने वाले उम्मीदवारों को सहकारी कानून के प्रावधानों के अनुसार 6 जुलाई तक अपील करने का अवसर दिया जाएगा। वहीं, उम्मीदवार 8 जुलाई को शाम 5 बजे तक अपना नाम वापस ले सकेंगे। इसी दिन शाम 6 बजे उम्मीदवारों की अंतिम सूची जारी कर दी जाएगी।

मतदान 18 जुलाई को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक होगा। मतदान समाप्त होने के बाद उसी दिन शाम 6 बजे से मतगणना शुरू की जाएगी और गिनती पूरी होने के बाद चुनाव परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे। चुनाव संबंधी जानकारी चीफ इलेक्शन ऑफिसर अशोक जैन तथा इलेक्शन ऑफिसर अनिल अग्रवाल और महेंद्रपाल खुराना ने दी।

Tags: Surat