सूरत : श्याम राठी को भामाशाह सम्मान, जल संरक्षण में योगदान के लिए मिला राज्य स्तरीय सम्मान
जयपुर में आयोजित 30वें राज्य स्तरीय भामाशाह सम्मान समारोह-2026 में उपमुख्यमंत्री एवं शिक्षा मंत्री ने किया सम्मानित
शिक्षा विभाग एवं राइजिंग राजस्थान, राजस्थान सरकार की ओर से आयोजित 30वें राज्य स्तरीय भामाशाह सम्मान समारोह-2026 का आयोजन 29 जून 2026 को जयपुर में किया गया। समारोह में सूरत निवासी राजस्थान फाउंडेशन के अध्यक्ष एवं समाजसेवी श्याम राठी को राजस्थान में जल संरक्षण के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए ‘भामाशाह सम्मान’ से सम्मानित किया गया।
मीडिया प्रभारी महेश पुंगलिया ने बताया कि जयपुर स्थित बिड़ला ऑडिटोरियम में आयोजित समारोह में राजस्थान के उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा एवं शिक्षा तथा पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने श्याम राठी को सम्मान प्रदान किया। सम्मान प्राप्त करने के बाद श्याम राठी ने कहा कि यह सम्मान केवल उनका व्यक्तिगत सम्मान नहीं, बल्कि उन सभी प्रवासी राजस्थानियों का सम्मान है, जो राजस्थान से बाहर रहकर भी अपनी मातृभूमि और मारवाड़ की माटी से गहरा जुड़ाव रखते हैं।
उन्होंने कहा कि समाज के सहयोग से शिक्षा, जल संरक्षण और जनकल्याण के कार्यों को आगे भी निरंतर जारी रखा जाएगा। समारोह में 60 प्रवासी बंधुओं को शिक्षा भूषण सम्मान तथा 15 प्रवासी बंधुओं को अन्य सामाजिक सहयोग के क्षेत्र में योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
