सूरत : सोमवती अमावस्या पर बैटर टुमारो फाउंडेशन ने जरूरतमंदों को कराया भोजन
नर सेवा नारायण सेवा आहार प्रकल्प के तहत विभिन्न स्थानों पर भोजन, आमरस और लाइव डोसा सहित दी गई सेवाएं
सोमवती अमावस्या के पावन अवसर पर बैटर टुमारो फाउंडेशन द्वारा नर सेवा नारायण सेवा आहार सेवा प्रकल्प के अंतर्गत जरूरतमंदों के लिए विशेष भोजन सेवा का आयोजन किया गया। इस दौरान शहर के विभिन्न क्षेत्रों में जरूरतमंद लोगों को भोजन, आमरस, लाइव डोसा सहित अन्य खाद्य सामग्री वितरित की गई।
फाउंडेशन की ओर से मधुरम कॉम्प्लेक्स, भटार चार रास्ता, राधाकृष्ण मंदिर उधना-मंगदल्ला रोड, भटार स्लम एरिया, बमरोली रोड, जलाराम मंदिर वेसू सहित अन्य स्थानों पर सेवा कार्य किया गया।
बैटर टुमारो फाउंडेशन के संस्थापक अध्यक्ष राजेश भारूका ने बताया कि संस्था सूरत में विभिन्न सेवा प्रकल्पों के माध्यम से लगातार समाजसेवा के कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि आत्मनिर्भर भारत अभियान के तहत स्वरोजगार प्रकल्प में चलती-फिरती दुकान, नर सेवा नारायण सेवा आहार प्रकल्प के अंतर्गत जरूरतमंद परिवारों, असहाय महिलाओं और बच्चों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि संस्था पर्यावरण संरक्षण के लिए “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत वृक्षारोपण, गौ सेवा, जल सेवा और योग जागृति अभियान जैसे कई सामाजिक कार्य भी संचालित कर रही है। सोमवती अमावस्या के अवसर पर आयोजित आहार सेवा में फाउंडेशन के संस्थापक अध्यक्ष राजेश भारूका, सुनीता अग्रवाल, तरुणा वाधवानी सहित संस्था के कई सदस्यों ने उपस्थित रहकर सेवा कार्य में सहयोग दिया।
