सूरत : राजेश शर्मा को छत्रपति शिवाजी महाराज महाराष्ट्र गौरव सम्मान से किया गया सम्मानित
रक्तदान सेवा क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए मलाड में आयोजित समारोह में मिला सम्मान, देशभर से पहुंचे रक्तवीरों का हुआ अभिनंदन
अरिहन्तानं रक्त सारथी संस्थान द्वारा 28 जून को मुंबई के मलाड में आयोजित छत्रपति शिवाजी महाराज महाराष्ट्र गौरव सम्मान समारोह 2026 में रक्तदान सेवा क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए राजेश शर्मा को सम्मानित किया गया। उन्हें रक्तदान के क्षेत्र में निरंतर सेवाओं के लिए छत्रपति शिवाजी महाराज महाराष्ट्र गौरव सम्मान प्रदान किया गया।
समारोह में देश के विभिन्न क्षेत्रों से आए रक्तवीरों और समाजसेवियों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मलाड विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुनील प्रभु रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में यूनाइटेड नेशन द्वारा सम्मानित, राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त, कारगिल युद्ध के हीरो एवं डबल सेंचुरियन ब्लड डोनर कैप्टन डॉ. सुरेश सैनी (करनाल), मलाड के डीएसपी अजीत बहाड़ने, सेंट्रल रेलवे मजदूर संघ के राष्ट्रीय सचिव प्रवीण वाजपेयी और मुंबई महानगरपालिका के आईएएस अधिकारी विनय पैठी उपस्थित रहे।
अतिथियों ने देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे रक्तवीरों को स्मृति चिन्ह और प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। कार्यक्रम के दौरान रक्तदान के महत्व और जरूरतमंद लोगों तक समय पर रक्त उपलब्ध कराने के प्रयासों की सराहना की गई।
संस्था के कैलाश जैन ने सभी रक्तवीरों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान मानव सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है और इस क्षेत्र में कार्य करने वाले सभी लोग समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। सम्मानित राजेश शर्मा “सीकर जीवन दाता ब्लड हेल्प” नामक संस्था का संचालन करते हैं, जिसके माध्यम से पूरे भारत में जरूरतमंद मरीजों को रक्त उपलब्ध कराने का सेवा कार्य किया जा रहा है। उनकी संस्था लगातार रक्तदान जागरूकता और रक्त उपलब्धता के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभा रही है।
