वडोदरा : वडोदरा में रीजनल वाइब्रेंट समिट का शुभारंभ, मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने किए 8 नए स्मार्ट GIDC के ऐलान
3,671 एकड़ क्षेत्र में विकसित होंगे अत्याधुनिक औद्योगिक क्षेत्र, गुजरात में निवेश और रोजगार के नए अवसरों पर जोर
सेंट्रल गुजरात के औद्योगिक विकास को नई गति देने के उद्देश्य से वडोदरा में रीजनल वाइब्रेंट समिट का आयोजन शुरू हुआ। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने दीप प्रज्वलित कर इस हाई-प्रोफाइल समिट का उद्घाटन किया। मेहसाणा, राजकोट और सूरत में आयोजित सफल समिट के बाद अब यह आयोजन मध्य गुजरात के प्रमुख औद्योगिक केंद्र वडोदरा में किया गया है।
समिट के दौरान मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने उद्योग क्षेत्र के लिए बड़ा ऐलान करते हुए राज्य में 8 नए स्मार्ट GIDC विकसित करने की घोषणा की। इन स्मार्ट औद्योगिक क्षेत्रों को कुल 3,671 एकड़ भूमि पर विकसित किया जाएगा। अत्याधुनिक सुविधाओं और वैश्विक स्तर के इंफ्रास्ट्रक्चर से लैस इन GIDC के माध्यम से नए निवेश को आकर्षित करने और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने का लक्ष्य रखा गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बदलते समय की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए आज ही भविष्य की योजनाएं तैयार करनी होंगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजनरी नेतृत्व के कारण गुजरात ने औद्योगिक विकास के क्षेत्र में नई पहचान बनाई है।
उन्होंने बताया कि वाइब्रेंट गुजरात समिट के माध्यम से अब तक 13 लाख करोड़ रुपये से अधिक के एमओयू किए जा चुके हैं। गुजरात की पहचान पहले एक व्यापारिक राज्य के रूप में थी, जो अब “ग्लोबल गेटवे ऑफ फ्यूचर” के रूप में स्थापित हो रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी द्वारा दिए गए “लोकल से वोकल और वोकल से ग्लोबल” के मंत्र का भी उल्लेख किया।
वडोदरा में आयोजित इस समिट में अमेरिका, जापान, यूक्रेन और आयरलैंड सहित 7 देशों के राजनयिक प्रतिनिधि और विभिन्न बहुराष्ट्रीय कंपनियों के उद्योगपति शामिल हुए। विदेशी प्रतिनिधियों की मौजूदगी ने गुजरात की वैश्विक निवेशकों के बीच बढ़ती स्वीकार्यता को दर्शाया।
समिट में नई औद्योगिक नीति 2026, निवेश के अवसरों और सेंट्रल गुजरात के औद्योगिक विस्तार पर विशेष चर्चा की गई। राज्य सरकार का उद्देश्य इस आयोजन के माध्यम से उद्योगों को नई दिशा देना और गुजरात को वैश्विक औद्योगिक केंद्र के रूप में और मजबूत बनाना है।
