वडोदरा : NEET परीक्षार्थियों के लिए वडोदरा मंडल द्वारा प्रमुख स्टेशनों पर विशेष व्यवस्था

प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर हेल्प डेस्क, अतिरिक्त यूटीएस काउंटर और सुरक्षा व्यवस्था से मिलेगी यात्रियों को सुविधा

वडोदरा : NEET परीक्षार्थियों के लिए वडोदरा मंडल द्वारा प्रमुख स्टेशनों पर विशेष व्यवस्था

पश्चिम रेलवे के वडोदरा मंडल द्वारा मंडल के क्षेत्राधिकार में आने वाले प्रमुख स्टेशनों पर रविवार, 21 जून 2026 को आयोजित होने वाली NEET परीक्षा में सम्मलित होने वाले अभ्यर्थियों एवं उनके अभिभावकों की सुविधा तथा सुरक्षित एवं सुगम यात्रा सुनिश्चित करने हेतु व्यापक व्यवस्थाएँ की गई हैं।

पश्चिम रेलवे के वडोदरा मंडल के जनसम्पर्क अधिकारी अनुभव सक्सेना द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार परीक्षार्थियों को आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहायता प्रदान करने के लिए वडोदरा, आणंद एवं भरूच स्टेशनों पर विशेष हेल्प डेस्क स्थापित किए जा रहे हैं। इन हेल्प डेस्कों पर तैनात रेलकर्मी ट्रेन कनेक्टिविटी, स्पेशल ट्रेनों एवं अन्य आवश्यक जानकारी एवं अन्य सहायता उपलब्ध कराएंगे। परिक्षार्थियों की सुविधा के लिए स्टेशनों पर अतिरिक्त भीड़ के मद्देनज़र वडोदरा में 3 तथा आणंद, गोधरा, भरुच एवं खेड़ा/नडियाड में 1 -1 अतिरिक्त यू टी एस काउंटर खोले जा रहे हैं। 

इसके अतिरिक्त, उक्त स्टेशनों पर वाणिज्य एवं कार्मिक विभाग के कर्मचारियों, रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के जवानों की विशेष तैनाती की जा रही है। तैनात अधिकारी एवं कर्मचारी यात्रियों को मार्गदर्शन प्रदान करने के साथ-साथ भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था, सूचना प्रसार तथा यात्री सहायता कार्यों का प्रभावी संचालन सुनिश्चित करेंगे।यात्रियों की सुविधा के लिए स्टेशनों पर समय-समय पर सार्वजनिक उद्घोषणाएँ (Announcements) एवं यात्री सूचना प्रसारित की जाएंगी, जिससे परीक्षार्थियों एवं उनके साथ आने वाले अभिभावकों का सुरक्षित, व्यवस्थित एवं निर्बाध आवागमन सुनिश्चित किया जा सके।

परीक्षा अवधि के दौरान परीक्षार्थियों एवं उनके अभिभावकों की आवाजाही को सुचारु बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की असुविधा को न्यूनतम करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके लिए वरिष्ठ अधिकारिओं द्वारा लगातार निगरानी रखी जाएगी तथा स्टेशन प्रबंधन एवं संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। वडोदरा मंडल यह भी सुनिश्चित करेगा कि ट्रेनों की समयपालनता (Punctuality) यथासंभव बनाए रखी जाए, ताकि परीक्षार्थियों को अपने गंतव्य तक समय पर पहुंचने में सुविधा हो।

यात्रियों की संभावित अतिरिक्त भीड़ को ध्यान में रखते हुए रेलवे द्वारा निम्नलिखित विशेष ट्रेनें संचालित करने की योजना बनाई गई है। जिसमें ट्रेन संख्या 09471 : बांद्रा टर्मिनस  – मणिनगर स्पेशल का वडोदरा मंडल में सूरत, भरुच, विश्वामित्री और आणंद स्टेशन पर स्टॉपेज रहेगा। इसी तरह ट्रेन संख्या 09351 बांद्रा टर्मिनस– डॉ. अंबेडकर नगर स्पेशल का वडोदरा मंडल में  सूरत, अंकलेश्वर, भरुच, छायापुरी और गोधरा स्टेशन पर स्टॉपेज रेहगा। वडोदरा मंडल सभी NEET अभ्यर्थियों को परीक्षा हेतु शुभकामनाएँ देता है तथा उनसे यात्रा के दौरान रेलवे कर्मचारियों के निर्देशों का पालन करने का अनुरोध करता है।

Tags: Vadodara