वडोदरा : मॉनसून पूर्व तैयारियों की समीक्षा, राज्य मंत्री कमलेशभाई पटेल ने अधिकारियों को सतर्क रहने के दिए निर्देश

वडोदरा में डिजास्टर मिटिगेशन प्लान की हुई विस्तृत समीक्षा, जलभराव रोकने और त्वरित अलर्ट सिस्टम पर दिया गया जोर

वडोदरा : मॉनसून पूर्व तैयारियों की समीक्षा, राज्य मंत्री कमलेशभाई पटेल ने अधिकारियों को सतर्क रहने के दिए निर्देश

 आगामी मॉनसून सीजन को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार के प्रभारी मंत्री कमलेशभाई पटेल ने वडोदरा शहर एवं जिले की आपदा प्रबंधन तैयारियों की समीक्षा की। वर्चुअल माध्यम से आयोजित बैठक में वडोदरा नगर निगम एवं जिला प्रशासन द्वारा संभावित आपदाओं से निपटने के लिए किए गए कार्यों और तैयारियों का विस्तृत प्रस्तुतिकरण किया गया।

बैठक में म्युनिसिपल कमिश्नर अरुण महेश बाबू ने शहर में जलभराव की समस्या को रोकने के लिए किए गए विभिन्न कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने विश्वामित्री नदी पुनर्जीवन परियोजना, झीलों एवं नालों की सफाई, मैनहोलों की सफाई, भूमि समतलीकरण, सड़कों एवं जल निकासी तंत्र के मरम्मत कार्यों सहित अन्य उपायों का प्रस्तुतीकरण किया।

कलेक्टर डॉ. अनिल धामेलिया ने पिछले दस वर्षों के वर्षा आंकड़ों, बदलते बारिश के पैटर्न तथा नर्मदा, ढाढर और माही नदियों के बढ़ते जलस्तर से प्रभावित क्षेत्रों में किए गए प्रबंधन कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने अलर्ट सिस्टम, संचार व्यवस्था, राहत एवं बचाव योजनाओं, तथा एनडीआरएफ और एसडीआरएफ के साथ समन्वय एवं मॉक ड्रिल की तैयारियों पर भी प्रकाश डाला।

राज्य मंत्री कमलेशभाई पटेल ने कहा कि वडोदरा शहर और जिले को पूर्व में जलभराव और बाढ़ जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ा है। इसी को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री भूपेंद्रभाई पटेल ने विश्वामित्री नदी पुनर्जीवन परियोजना को मंजूरी प्रदान की थी। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस परियोजना से नागरिकों की समस्याओं में कमी आएगी, लेकिन इसके साथ ही नगर निगम और जिला प्रशासन को पूरी सतर्कता एवं तत्परता के साथ कार्य करना होगा।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि नागरिकों तक चेतावनी और आवश्यक सूचनाएं अलर्ट सिस्टम के माध्यम से समय पर पहुंचनी चाहिए। जिन क्षेत्रों और सड़कों पर जलभराव की संभावना रहती है, वहां से त्वरित जल निकासी की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि आमजन को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। बैठक में जिला विकास अधिकारी आनंद पाटिल, रेजिडेंट अतिरिक्त कलेक्टर बी.एस. पटेल सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Tags: Vadodara