सूरत :  महावीर इंटरनेशनल सूरत ने लगाया निःशुल्क चिकित्सा एवं नेत्र जांच शिविर

 कडोदरा में आयोजित शिविर में 380 से अधिक लोगों को मिला स्वास्थ्य लाभ, 180 जरूरतमंदों को वितरित किए गए निःशुल्क चश्मे

सूरत :  महावीर इंटरनेशनल सूरत ने लगाया निःशुल्क चिकित्सा एवं नेत्र जांच शिविर

महावीर इंटरनेशनल, मुख्य शाखा–सूरत द्वारा कडोदरा स्थित जेसल सिल्क मिल्स प्रा. लि. में निःशुल्क चिकित्सा एवं नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया। संस्था के सदस्य एवं ट्रस्टी वीर रविन्द्र जैन के सहयोग से आयोजित इस सेवा कार्य में बड़ी संख्या में लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया।

शिविर में चिकित्सा जांच का कार्य निर्मल हॉस्पिटल, सूरत की विशेषज्ञ चिकित्सक टीम द्वारा किया गया। इस दौरान 186 से अधिक लाभार्थियों की ब्लड शुगर, ब्लड प्रेशर, ऊंचाई, वजन और पल्स रेट की जांच की गई। वहीं 55 लोगों की निःशुल्क ईसीजी जांच भी की गई। जांच के बाद आवश्यकता अनुसार मरीजों को चिकित्सकीय परामर्श दिया गया और आगे के उपचार के लिए रेफर किया गया।

नेत्र जांच शिविर का संचालन डॉ. महेन्द्रसिंह एवं श्री के. पी. संघवी आई हॉस्पिटल, सूरत की विशेषज्ञ टीम द्वारा किया गया। शिविर में 192 जरूरतमंदों की आंखों की जांच की गई। इनमें से 180 लाभार्थियों को निःशुल्क चश्मों का वितरण किया गया। साथ ही जरूरतमंद मरीजों को आई ड्रॉप्स भी उपलब्ध कराए गए। मोतियाबिंद से पीड़ित मरीजों को आगे के उपचार के लिए रेफर किया गया।

शिविर की व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित रहीं। वीर ऋषभ रविन्द्र जैन एवं उनकी टीम ने सेवा भावना के साथ महत्वपूर्ण योगदान दिया। इस सेवा कार्य में संस्था के करीब 35 वीर एवं वीराओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई। कार्यक्रम में गुजरात जोन चेयरपर्सन वीरा निशा सेठिया विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। इस अवसर पर हाल ही में उपधान महातप पूर्ण करने वाले वीर रविन्द्र जैन एवं उनकी धर्मपत्नी वीरा सुनीता जैन का मोमेंटो, शॉल और माल्यार्पण द्वारा सम्मान किया गया।

महावीर इंटरनेशनल, मुख्य शाखा–सूरत के पदाधिकारियों ने बताया कि संस्था “सबकी सेवा–सबको प्यार” और “जियो और जीने दो” के सिद्धांतों पर चलते हुए निरंतर समाज सेवा एवं मानव कल्याण के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रही है।

Tags: Surat