सूरत :  बिना हॉलमार्क सोने के आभूषण बेचने पर सूरत की ज्वैलरी शॉप पर BIS की कार्रवाई

भारतीय मानक ब्यूरो की छापेमारी में 241.5 ग्राम अवैध हॉलमार्क लगे सोने के आभूषण जब्त, नियमों के उल्लंघन पर होगी कानूनी कार्रवाई

सूरत :  बिना हॉलमार्क सोने के आभूषण बेचने पर सूरत की ज्वैलरी शॉप पर BIS की कार्रवाई

भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) के अधिकारियों ने बिना हॉलमार्क वाले सोने के आभूषणों की बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सूरत जिले के बारडोली स्थित एक ज्वैलरी शॉप पर छापेमारी की। यह कार्रवाई 29 जून 2026 को की गई, जिसमें दुकान से लगभग 241.5 ग्राम वजन के ऐसे सोने के आभूषण बरामद किए गए, जिन पर अवैध बीआईएस हॉलमार्क का इस्तेमाल किया गया था। अधिकारियों ने इन आभूषणों को जब्त कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, बीआईएस की टीम ने कालुभाई गोविंदभाई मैती, C-3, पार्किन्ज़ा शॉपिंग सेंटर, स्टेशन रोड, बारडोली, सूरत स्थित ज्वैलरी शॉप पर जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान बिना अनुमति और अवैध हॉलमार्क लगे सोने के आभूषण पाए गए। बीआईएस अधिकारियों के अनुसार बिना या अवैध बीआईएस हॉलमार्क वाले सोने के आभूषणों की बिक्री और भंडारण नियमों के विरुद्ध है।

भारत सरकार द्वारा जारी स्वर्ण आभूषण और स्वर्ण शिल्पकृतियों की हॉलमार्किंग आदेश, 6 सितंबर 2023 के तहत सोने के आभूषणों पर हॉलमार्किंग अनिवार्य की गई है। गुजरात के 27 जिलों में यह नियम लागू है, जिसमें सूरत भी शामिल है। इसके तहत कोई भी निर्माता या व्यापारी बिना हॉलमार्क वाले सोने के आभूषणों का विक्रय या भंडारण नहीं कर सकता।

बीआईएस ने बताया कि नियमों का उल्लंघन करने पर भारतीय मानक ब्यूरो अधिनियम, 2016 के तहत कार्रवाई का प्रावधान है। दोषी पाए जाने पर एक वर्ष तक का कारावास अथवा न्यूनतम 1 लाख रुपये का जुर्माना या दोनों लगाए जा सकते हैं। बीआईएस अधिकारियों के अनुसार कुछ ज्वैलर्स द्वारा ग्राहकों को भ्रमित करने के उद्देश्य से बिना हॉलमार्क वाले आभूषण बेचे जाते हैं। ऐसे मामलों में आम जनता को धोखाधड़ी से बचाने के लिए विभाग समय-समय पर जांच और छापेमारी अभियान चलाता है।

बीआईएस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को बीआईएस प्रमाणचिह्न के दुरुपयोग या अनिवार्य प्रमाणन वाले उत्पादों के नियमों के उल्लंघन की जानकारी मिलती है तो वह इसकी सूचना भारतीय मानक ब्यूरो, सूरत शाखा कार्यालय को दे सकता है। शिकायतकर्ता की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

Tags: Surat