सूरत : एयरपोर्ट के विकास में स्थानीय उद्योगों को मिले प्राथमिकता: चैंबर
अशोक जीरावाला के नेतृत्व में चैंबर प्रतिनिधिमंडल ने किया एयरपोर्ट का दौरा, एयर कनेक्टिविटी और यात्री सुविधाओं पर हुई विस्तृत चर्चा
सूरत। द सदर्न गुजरात चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (एसजीसीसीआई) के अध्यक्ष अशोक जीरावाला के नेतृत्व में चैंबर के एक प्रतिनिधिमंडल ने सूरत एयरपोर्ट का दौरा किया।
इस अवसर पर एयरपोर्ट के विकास कार्यों में स्थानीय उद्योगों और वेंडर्स को प्राथमिकता देने की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा गया कि इससे न केवल स्थानीय उद्योगों को प्रोत्साहन मिलेगा, बल्कि विकास कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने में भी मदद मिलेगी।
सूरत एयरपोर्ट के निदेशक ए.एन. शर्मा के आमंत्रण पर आयोजित इस शिष्टाचार भेंट में चैंबर के उपाध्यक्ष रवि राज देसाई, मानद सचिव परेश लाठिया, मानद कोषाध्यक्ष अतुल पटेल, एविएशन एवं एयरपोर्ट समिति के सलाहकार मनोज सिंगापुरी, समिति के चेयरमैन लिनेश शाह तथा अन्य सदस्य शामिल रहे।
दौरे के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने एयरपोर्ट टर्मिनल भवन, विभिन्न यात्री सुविधाओं तथा एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) का निरीक्षण किया और एयरपोर्ट अधिकारियों के साथ विकास योजनाओं पर चर्चा की।
चैंबर अध्यक्ष अशोक जीरावाला ने एयरपोर्ट के मुख्य प्रवेश द्वार से आने-जाने वाले यात्रियों को होने वाली समस्याओं के शीघ्र समाधान की अपेक्षा व्यक्त की। उन्होंने सुझाव दिया कि एयरपोर्ट के विकास से जुड़े टेंडर और परियोजनाओं में स्थानीय वेंडर्स को अवसर दिए जाएं, जिससे क्षेत्रीय उद्योगों को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ परियोजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन भी सुनिश्चित हो सके।
बैठक के दौरान सूरत एयरपोर्ट के विस्तार, यात्री सुविधाओं में सुधार, नई उड़ानों की शुरुआत और भविष्य में एयर कनेक्टिविटी को और मजबूत बनाने जैसे विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
चैंबर प्रतिनिधिमंडल ने एयरपोर्ट के आधुनिकीकरण और विस्तार के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। वहीं एयरपोर्ट प्रशासन और चैंबर ने भविष्य में आपसी सहयोग के साथ सूरत को एक सशक्त एयर कनेक्टिविटी हब के रूप में विकसित करने की दिशा में मिलकर कार्य करने पर सहमति व्यक्त की।
