सूरत : एनटीपीसी झनोर में बालिका सशक्तिकरण मिशन (GEM) 2026 का भव्य समापन

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, आत्मरक्षा प्रदर्शन और प्रेरक संदेशों के बीच प्रतिभागी बालिकाओं को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए

सूरत : एनटीपीसी झनोर में बालिका सशक्तिकरण मिशन (GEM) 2026 का भव्य समापन

एनटीपीसी झनोर में आयोजित बालिका सशक्तिकरण मिशन (जीईएम) 2026 का समापन समारोह उत्साह, उमंग और प्रेरणादायक प्रस्तुतियों के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय कार्यकारी निदेशक (पश्चिम-I) एवं सीईओ (यूपीएल) ई. सत्य फणि कुमार तथा सखी महिला समिति की अध्यक्षा श्रीमती ई. सरोजा उपस्थित रहीं।

समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ, जिसके बाद प्रतिभागी बालिकाओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। बालिकाओं ने स्वच्छता, सिंगल-यूज़ प्लास्टिक उन्मूलन और कचरा प्रबंधन जैसे सामाजिक विषयों पर प्रभावशाली नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से जागरूकता का संदेश दिया। इसके अलावा योग, आत्मरक्षा प्रदर्शन, देशभक्ति गीत और अन्य गतिविधियों के जरिए उन्होंने एक माह के प्रशिक्षण के दौरान अर्जित ज्ञान, अनुभव और कौशल का प्रदर्शन किया।

अपने संबोधन में ई. सत्य फणि कुमार ने कहा कि 90,807 मेगावाट की स्थापित क्षमता के साथ एनटीपीसी देश की ऊर्जा आवश्यकताओं की पूर्ति करने के साथ-साथ सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत बालिका सशक्तिकरण मिशन जैसी योजनाओं के माध्यम से समुदाय के समग्र विकास और जनकल्याण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने प्रतिभागी बालिकाओं के आत्मविश्वास, प्रतिभा और उत्साह की सराहना करते हुए कार्यक्रम की सफलता पर सभी को बधाई दी।

इस अवसर पर परियोजना प्रमुख, झनोर ने कहा कि बालिकाओं की क्षमता और संभावनाओं पर संस्था को प्रारंभ से ही विश्वास था। उन्होंने कहा कि यह कार्यशाला उनके सपनों को साकार करने की दिशा में मजबूत आधार साबित होगी। अब इस आधार को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी स्वयं बालिकाओं और उनके अभिभावकों की है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में ये बालिकाएँ विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त करेंगी।

कार्यक्रम के दौरान जीईएम 2022 की प्रतिभागी ध्रुवी चंद्रकांत माछी ने अपने प्रेरणादायक अनुभव साझा किए तथा विशिष्ट अतिथियों को अपनी बनाई हुई पेंटिंग्स भेंट कीं। इस अवसर पर जीईएम 2026 की स्मारिका (बुकलेट) का विमोचन भी किया गया। साथ ही सभी प्रतिभागी बालिकाओं को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

समारोह के अंत में आभार प्रदर्शन किया गया। अभिभावकों ने एनटीपीसी की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि बालिका सशक्तिकरण मिशन उनकी बेटियों के व्यक्तित्व विकास, आत्मविश्वास में वृद्धि और उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।

Tags: Surat