सूरत : पथमेड़ा गौशाला में पहली बार होगा जगद्गुरु शंकराचार्यजी का चातुर्मास
29 जुलाई से 26 सितंबर तक आयोजित होगा ‘सुरभि हरिहर चातुर्मास आराधना महोत्सव’, लाखों गोभक्तों के पहुंचने की संभावना
विश्व की प्रमुख गौसेवा संस्थाओं में शामिल श्री गोधाम महातीर्थ पथमेड़ा के तत्वावधान में पहली बार किसी गौशाला परिसर में जगद्गुरु शंकराचार्य पूज्य स्वामी श्री सदानंद सरस्वतीजी महाराज (शारदा द्वारिका पीठाधीश्वर) के पावन सान्निध्य में ‘सुरभि हरिहर चातुर्मास आराधना महोत्सव’ का आयोजन किया जाएगा। यह ऐतिहासिक आयोजन 29 जुलाई से 26 सितंबर तक होगा, जिसमें देशभर से बड़ी संख्या में गोभक्तों के शामिल होने की संभावना है।
संस्था के संस्थापक एवं प्रधान संरक्षक परम श्रद्धेय गौऋषि स्वामी श्री दत्तशरणानंदजी महाराज की प्रेरणा से यह महोत्सव हजारों गोमाताओं के बीच अभिनव व्रजमंडल मनोरमा गोलोकतीर्थ अर्बुदारण्य की पावन भूमि पर आयोजित किया जाएगा।
श्री गोधाम महातीर्थ पथमेड़ा के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (सीईओ) एवं सूरत प्रभारी आलोक सिंहल ने बताया कि पहली बार किसी गौशाला में चातुर्मास का आयोजन होने जा रहा है, जिसे गोसेवा और सनातन संस्कृति के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
लोक पुण्यार्थ न्यास, सूरत के प्रभारी विपिन जालान ने बताया कि चातुर्मास के दौरान विभिन्न धार्मिक कथाओं का आयोजन किया जाएगा। इसमें श्रीमद्भागवत कथा, श्रीरामचरितमानस कथा, नानी बाई का मायरा, श्री शिवमहापुराण कथा, श्री हरिहर भक्तमाल कथा और गोभक्तमाल कथा सहित सात प्रमुख कथाएं शामिल रहेंगी। कर्णावती शाखा के संरक्षक मालाराम पुरोहित ने बताया कि महोत्सव के दौरान धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ प्रतिदिन गौ-अनुष्ठान भी आयोजित किए जाएंगे।
केंद्रीय मंत्री लालसिंह रणधीसर ने बताया कि आयोजन के दौरान गोबर एवं गोमूत्र आधारित प्राकृतिक खेती, गोदुग्ध के उपयोग, गोचिकित्सा, गोसंवर्धन, देशी नस्ल संरक्षण और पंचगव्य आधारित मानव चिकित्सा जैसे विषयों पर राष्ट्रीय स्तर के सेमिनार आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से गोचेतना के विस्तार का प्रयास किया जाएगा।
सहकोषाध्यक्ष बिहारीलाल राजपुरोहित ने बताया कि गुजरात के गांव-गांव तक महोत्सव का संदेश पहुंचाने के लिए गौसेवकों को जिम्मेदारियां सौंपी जा रही हैं। युवा शाखा प्रभारी अंकित सुथार ने बताया कि सेमिनारों के माध्यम से गोसेवा, प्राकृतिक खेती और पंचगव्य चिकित्सा जैसे विषयों पर व्यापक चर्चा की जाएगी।
मुख्य सलाहकार विनोद अग्रवाल शांतम ने बताया कि इस आयोजन के माध्यम से गुजरात सहित देशभर में गोचेतना का संदेश पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। संयोजक किशोरसिंह नेतरा ने बताया कि देशभर से हजारों गोभक्त विभिन्न यात्राओं के माध्यम से पथमेड़ा पहुंचकर चातुर्मास आराधना और गौसेवा का लाभ प्राप्त करेंगे।
इस अवसर पर श्रीमती मनीषा टिबडेवाल, मांगीलाल चाटेलाव, मूलसिंह कारोलिया, प्रकाश बरलूट, तन्मय अग्रवाल, घनश्याम सारडा, अजय शर्मा और हर्ष पटेल सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।
मीडिया प्रभारी सज्जन महर्षी ने सभी गोभक्तों एवं सनातन धर्मावलंबियों से इस ऐतिहासिक चातुर्मास आराधना महोत्सव में सहभागी बनने का आह्वान किया और इसे गौसेवा, धर्मसेवा एवं राष्ट्रसेवा का पुण्य अभियान बताया।
