सूरत : महेश नवमी पर सूरत में मेगा ब्लड डोनेशन ड्राइव-2 का आयोजन, रक्तदान के लिए समाज से किया आह्वान

सूरत जिला माहेश्वरी सभा एवं रमाकांत-कुंजबिहारी कासट परिवार के संयुक्त तत्वावधान में दो दिवसीय रक्तदान अभियान, रक्तदाताओं को किया जाएगा सम्मानित

महेश नवमी के पावन अवसर पर मानव सेवा के उद्देश्य से सूरत जिला माहेश्वरी सभा एवं रमाकांत-कुंजबिहारी कासट परिवार के संयुक्त तत्वावधान में मेगा ब्लड डोनेशन ड्राइव-2 का दो दिवसीय आयोजन किया जा रहा है। इस अभियान के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित कर जरूरतमंद मरीजों के जीवन में आशा का संचार करने का प्रयास किया जाएगा।

सूरत जिला माहेश्वरी सभा के मीडिया प्रभारी सुनील माहेश्वरी एवं महेश पुंगलिया ने जानकारी देते हुए बताया कि मेगा ब्लड डोनेशन ड्राइव-2 का आयोजन शुक्रवार 19 जून को रिंग रोड एवं सारोली मार्केट विस्तार में तथा रविवार 21 जून को पर्वत पाटिया, श्याम मंदिर, वेसू एवं सिटी लाइट रेजीडेंसी विस्तार में किया जाएगा। उन्होंने बताया कि रक्तदान एक महान सेवा कार्य है। एक व्यक्ति द्वारा किया गया रक्तदान किसी दुर्घटना पीड़ित, गंभीर रोगी, प्रसूता माता या थैलेसीमिया से पीड़ित बच्चे के लिए जीवनदायी साबित हो सकता है। रक्त का कोई कृत्रिम विकल्प नहीं होने के कारण रक्तदान को जीवनदान के समान माना जाता है।

सूरत जिला माहेश्वरी सभा के अध्यक्ष पवन बजाज ने सभी रक्तदाताओं से अपील करते हुए कहा कि अधिक से अधिक संख्या में रक्तदान शिविर में पहुंचकर स्वेच्छा से रक्तदान करें और इस पुण्य कार्य में अपनी भागीदारी निभाएं।

जिला सभा सचिव अतीन बाहेती ने कहा कि एक यूनिट रक्त तीन लोगों का जीवन बचाने में सहायक हो सकता है। रक्तदान पूरी तरह सुरक्षित एवं स्वास्थ्यवर्धक प्रक्रिया है, जिससे शरीर में नए रक्त के निर्माण की प्रक्रिया भी बेहतर होती है।

ब्लड डोनेशन ड्राइव-2 के संयोजक रामावतार झंवर एवं अनिल मणियार ने बताया कि दोनों दिन रक्तदान शिविर का आयोजन सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक विभिन्न मार्केट एवं रेजीडेंसी क्षेत्रों में किया जाएगा। इस मानव सेवा अभियान में सूरत जिला माहेश्वरी सभा, रमाकांत-कुंजबिहारी कासट परिवार, सभी क्षेत्रीय सभाएं, सूरत जिला माहेश्वरी युवा संगठन एवं माहेश्वरी समाज की विभिन्न संस्थाएं सहभागी बन रही हैं। आयोजकों ने सभी नागरिकों से स्वयं रक्तदान करने तथा अपने परिचितों को भी रक्तदान के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया है। शिविर में रक्तदान करने वाले सभी रक्तदाताओं को प्रमाणपत्र एवं स्मृति भेंट देकर सम्मानित किया जाएगा।

Tags: Surat