सूरत : तेज रफ्तार लग्जरी ईवी कार बीआरटीएस ट्रैक में घुसी, रेलिंग तोड़कर हुआ बड़ा हादसा
कापोद्रा के चिकुवाड़ी चौराहे के पास चालक ने खोया नियंत्रण; कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त, कोई जनहानि नहीं, पुलिस ने जांच शुरू की
सूरत। शहर के कपोद्रा क्षेत्र में रविवार को एक तेज रफ्तार लग्जरी इलेक्ट्रिक कार के अनियंत्रित होकर बीआरटीएस ट्रैक में घुस जाने से बड़ा सड़क हादसा हो गया।
महिंद्रा की एक लग्जरी एक्सईवी कार ने पहले सड़क किनारे लगी बीआरटीएस की लोहे की रेलिंग को तोड़ा और फिर सीधे ट्रैक में जा घुसी। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई, हालांकि राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा कपोद्रा स्थित चिकुवाड़ी चौराहे के निकट हुआ। बताया जा रहा है कि काले रंग की महिंद्रा एक्सईवी कार का चालक अचानक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद कार तेज गति से बीआरटीएस सेग्रीगेटर (लोहे की रेलिंग) से टकरा गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि रेलिंग क्षतिग्रस्त हो गई और कार सीधे बीआरटीएस कॉरिडोर में जा पहुंची।
दुर्घटना में कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि, वाहन की सुरक्षा व्यवस्था के चलते चालक सुरक्षित बच गया।
हादसे के समय बीआरटीएस ट्रैक पर कोई बस मौजूद नहीं थी और आसपास कोई पैदल यात्री भी नहीं था। यदि उसी समय बीआरटीएस बस या अन्य वाहन वहां से गुजर रहे होते, तो दुर्घटना कहीं अधिक गंभीर हो सकती थी।
घटना की सूचना मिलते ही कपोद्रा पुलिस मौके पर पहुंची। दुर्घटना के कारण चिकुवाड़ी सर्कल और आसपास के मार्गों पर कुछ समय के लिए लंबा ट्रैफिक जाम लग गया।
पुलिस ने क्रेन की सहायता से क्षतिग्रस्त कार को हटाकर यातायात बहाल कराया। पुलिस ने चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि हादसे के समय चालक नशे की हालत में था या नहीं। पुलिस दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।
