सूरत : ज्ञान ज्योति सम्मान समारोह में मेधावी प्रतिभाओं का हुआ सम्मान

 नागालैंड के राज्यपाल नंदकिशोर यादव रहे मुख्य अतिथि, मारवाड़ी समाज के योगदान को बताया सराहनीय

सूरत : ज्ञान ज्योति सम्मान समारोह में मेधावी प्रतिभाओं का हुआ सम्मान

गुजरात प्रादेशिक मारवाड़ी सम्मेलन, सूरत की ओर से ज्ञान ज्योति सम्मान समारोह का भव्य आयोजन रविवार को सिटी लाइट स्थित महाराजा अग्रसेन पैलेस के श्याम कुंज हॉल में किया गया। दोपहर 3 बजे से आयोजित इस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में नागालैंड के महामहिम राज्यपाल नंदकिशोर यादव तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में अखिल भारतवर्षीय मारवाड़ी सम्मेलन के राष्ट्रीय अध्यक्ष पवन कुमार गोयनका उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रीय गीत एवं राष्ट्रीय गान के साथ हुआ। इसके पश्चात महामहिम राज्यपाल नंदकिशोर यादव ने समारोह का उद्घाटन करते हुए कहा कि भारत के विकास में मारवाड़ी समाज का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि उनकी स्वयं की शिक्षा भी मारवाड़ी स्कूल में हुई है।

समारोह में गुजरात में निवासरत मारवाड़ी समाज के उन विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने पिछले दो वर्षों में उच्च शिक्षा के क्षेत्र में सीए, सीएमए, एलएलबी, एमबीए, डॉक्टर सहित अन्य प्रतिष्ठित डिग्रियां प्राप्त की हैं। इसके अलावा विभिन्न क्षेत्रों में विशेष उपलब्धियां हासिल करने वाली प्रतिभाओं को भी पुरस्कार प्रदान किए गए। महामहिम राज्यपाल के हाथों सम्मान प्राप्त कर विद्यार्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे। इस अवसर पर संस्था के पदाधिकारियों ने महामहिम राज्यपाल नंद किशोर यादव का शॉल एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मान किया। साथ ही राजस्थानी संस्कृति की पहचान पगड़ी पहनाकर उनका अभिनंदन किया गया। 

D28062026-08

मारवाड़ी सम्मेलन गुजरात के प्रदेश अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने मंच से महामहिम राज्यपाल का परिचय कराया। उन्होंने अपने संबोधन में विद्यार्थियों से कहा कि जिस मार्ग पर वे आगे बढ़ रहे हैं, उससे उनकी और राष्ट्र की प्रगति संभव है, लेकिन उन्हें अपने सामाजिक मूल्यों एवं कर्तव्यों को कभी नहीं भूलना चाहिए।

राष्ट्रीय उपाध्यक्ष गोकुल चंद बजाज ने गुजरात में सम्मेलन की प्रगति एवं सामाजिक गतिविधियों पर प्रकाश डाला। वहीं दिल्ली से पधारे अखिल भारतवर्षीय मारवाड़ी सम्मेलन के राष्ट्रीय अध्यक्ष पवन कुमार गोयनका ने सम्मेलन की विकास यात्रा एवं समाजसेवा के कार्यों की जानकारी दी।

कार्यक्रम में सम्मेलन के संस्थापक अध्यक्ष जयप्रकाश अग्रवाल, संरक्षक बिनोद अग्रवाल, निरंजन अग्रवाल, गणपत भंसाली, बिनोद चिड़ावावाला, विमल जैन, रमेश मोदी, सुनील बेरलिया, विकास अग्रवाल, राजेन्द्र अग्रवाल, आलोक अग्रवाल, सूरत शाखा अध्यक्ष सुशील अग्रवाल, तापी उड़ान शाखा अध्यक्षा मनीषा कजारिया सहित संयोजक मंडल के अभिषेक चौधरी, विजय मित्तल, मिहिर अग्रवाल, ध्रुव जैन, संजय मंगल एवं बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित रहे।

Tags: Surat