सूरत : बहावलपुर समाज के पहले रक्तदान शिविर में 108 यूनिट रक्त एकत्रित

 निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर में 280 लोगों ने लिया लाभ, समाजसेवा के प्रयास की हुई सराहना

सूरत : बहावलपुर समाज के पहले रक्तदान शिविर में 108 यूनिट रक्त एकत्रित

बहावलपुर समाज, सूरत की ओर से रविवार को पार्ले पॉइंट स्थित श्री राधाकृष्ण मंदिर धाम में रक्तदान एवं निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का सफल आयोजन किया गया। समाज के इतिहास में पहली बार आयोजित इस रक्तदान शिविर में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिसके परिणामस्वरूप 108 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया।

सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक आयोजित शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया। इस दौरान 150 लोगों का सामान्य बॉडी चेकअप किया गया, 80 लोगों की आंखों की जांच की गई तथा 40 लोगों ने ईसीजी जांच सेवा का लाभ उठाया। कुल मिलाकर 280 लोगों ने निशुल्क स्वास्थ्य जांच सेवाओं का लाभ लिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में किरण हॉस्पिटल के चेयरमैन मथुरभाई सवानी एवं अरोरा हॉस्पिटल के डॉ. नरेश अरोरा उपस्थित रहे। उन्होंने समाज द्वारा किए गए इस सेवा कार्य की सराहना की।

समाज के अध्यक्ष प्रदीप किंगर, उपाध्यक्ष हरीश आहूजा, सचिव हरी किशन भगत एवं उप-सचिव प्रवीण अरोरा के नेतृत्व में सभी पदाधिकारियों ने शिविर की व्यवस्थाओं को सफलतापूर्वक संभाला। सूरत में लगभग 250 सदस्यों वाले बहावलपुर समाज द्वारा आयोजित इस सेवा कार्य की उपस्थित लोगों एवं समाजजनों ने प्रशंसा की। आयोजन का उद्देश्य समाजसेवा के साथ जरूरतमंदों को स्वास्थ्य एवं रक्तदान जैसी महत्वपूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराना रहा।

Tags: Surat