सूरत : श्री राधा-कृष्ण मंदिर प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के तहत निकली भव्य तुलसी यात्रा
रुंगटा ग्रीन होम्स में धार्मिक उत्साह के बीच श्रद्धालुओं ने लिया हिस्सा, 16-17 जून को होगा प्राण प्रतिष्ठा समारोह
रुंगटा ग्रीन होम्स सोसायटी में आयोजित होने वाले श्री राधा-कृष्ण मंदिर प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के उपलक्ष्य में श्रद्धा और भक्ति से ओतप्रोत भव्य तुलसी यात्रा निकाली गई। यात्रा में बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं ने पारंपरिक वेशभूषा में भाग लिया और भगवान श्री राधा-कृष्ण के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
तुलसी यात्रा का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार और विधिवत पूजन-अर्चन के साथ किया गया। श्रद्धालुओं ने हाथों में तुलसी पौधे और धार्मिक ध्वज लेकर नगर परिक्रमा की। यात्रा के दौरान मार्ग में भजन-कीर्तन, पुष्पवर्षा और स्वागत कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
आयोजन समिति ने बताया कि तुलसी यात्रा के माध्यम से समाज में धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक जागरूकता का संदेश दिया गया। श्री राधा-कृष्ण मंदिर प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के अंतर्गत 16 एवं 17 जून 2026 को विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। समिति ने श्रद्धालुओं से अधिक संख्या में शामिल होकर धार्मिक आयोजन का लाभ लेने का आग्रह किया है।
इस अवसर पर आयोजन समिति के अध्यक्ष पंकज शर्मा, मुख्य यजमान आशीष तिवाड़ी, विमल जैन, राजकुमार शर्मा, नारायण रावल, गौतम राजपुरोहित सहित अनेक गणमान्यजन एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
