सूरत : पावर बैंक ब्लास्ट से यूट्यूबर शिवानी कपिला के घर में भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख
'लिटिल ग्लव्स' नाम से मशहूर यूट्यूबर के बेडरूम में चार्जिंग के दौरान हुआ धमाका; डायमंड, गोल्ड और सिल्वर यूट्यूब प्ले बटन समेत कीमती सामान नष्ट
सूरत। शहर के जहांगीरपुरा क्षेत्र में सोशल मीडिया पर 'लिटिल ग्लव्स' नाम से लोकप्रिय यूट्यूबर शिवानी कपिला के घर में पावर बैंक ब्लास्ट के कारण भीषण आग लगने की घटना सामने आई है।
हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन आग से उनका बेडरूम पूरी तरह जलकर खाक हो गया। इस आग में यूट्यूब से मिले सिल्वर, गोल्ड और डायमंड प्ले बटन सहित लाखों रुपये का कीमती सामान नष्ट हो गया।
शिवानी कपिला ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा किए गए वीडियो में बताया कि घटना के समय उनकी सास की तबीयत खराब होने के कारण वे उन्हें अस्पताल लेकर गई थीं। घर पर उनके पिता मौजूद थे। इसी दौरान बेडरूम में चार्जिंग पर रखा वायरलेस पावर बैंक अचानक फट गया और पूरे कमरे में आग फैल गई।
अस्पताल पहुंचने के कुछ ही देर बाद उन्हें घर में आग लगने की सूचना मिली। पहले उन्हें लगा कि मामूली घटना होगी, लेकिन घर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि पूरा कमरा धुएं और आग से बुरी तरह प्रभावित हो चुका था।
हादसे के समय शिवानी का पालतू कुत्ता 'कोको' भी उसी कमरे में मौजूद था। कमरे में एयर कंडीशनर चालू होने के कारण उसे वहीं रखा गया था। आग लगने के बाद शिवानी के पिता और उनके मैनेजर राजीव ने तत्काल बाल्टियों से पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया और कोको को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
शिवानी ने बताया कि कोको को कोई गंभीर चोट नहीं आई, केवल उसकी पीठ के कुछ बाल झुलस गए। उन्होंने इसे ईश्वर की कृपा बताया।
आग इतनी भीषण थी कि कमरे में लगा एयर कंडीशनर पूरी तरह पिघल गया। इसके अलावा महंगे कपड़े, बैग, एक्सेसरीज़, फर्नीचर, अलमारी और उनकी बेटी आध्या की बचपन की यादों से जुड़ी दीवार पर बनी ड्रॉइंग भी पूरी तरह नष्ट हो गई।
सबसे अधिक भावनात्मक क्षति उन्हें यूट्यूब की ओर से मिले सिल्वर, गोल्ड और डायमंड प्ले बटन के नष्ट होने से हुई। उन्होंने कहा कि एक मध्यमवर्गीय परिवार से होने के बावजूद उन्होंने वर्षों की मेहनत से अपना सपना पूरा किया था, जो एक पल में बिखर गया।
हादसे के बाद कमरे में फैले धुएं और संभावित कार्बन मोनोऑक्साइड के प्रभाव के कारण शिवानी, उनके पिता और उनके मैनेजर को उल्टी और पेट दर्द की शिकायत हुई। फिलहाल पूरा परिवार इस घटना के सदमे से उबरने का प्रयास कर रहा है।
शिवानी कपिला ने इस घटना के बाद लोगों से अपील की कि मोबाइल फोन या पावर बैंक को कभी भी बिस्तर या सिर के पास रखकर चार्ज न करें। उन्होंने कहा कि आजकल घरों में सिंथेटिक सामग्री अधिक होने के कारण आग बहुत तेजी से फैलती है और छोटी-सी लापरवाही भी बड़े हादसे में बदल सकती है।
उन्होंने कहा, "मैंने एक प्रतिष्ठित कंपनी का करीब 4,000 से 4,500 रुपये का पावर बैंक इस्तेमाल किया था। इसके बावजूद चार्जिंग के दौरान उसमें विस्फोट हो गया और देखते ही देखते मेरा पूरा कमरा जलकर राख हो गया। एक पल में मेरी पूरी दुनिया बिखर गई।"
