सूरत : वेसू वेल्फेयर एसोसिएशन की बैठक संपन्न, इस वर्ष भी होगा भव्य दुर्गा पूजा महोत्सव
आयोजन को लेकर प्रारंभिक तैयारियों पर चर्चा, विभिन्न समितियों के गठन और जिम्मेदारियों के निर्धारण की योजना
वेसू वेल्फेयर एसोसिएशन की एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें संस्था के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बैठक में पिछले वर्ष आयोजित दुर्गा पूजा महोत्सव की सफलता की समीक्षा करते हुए इस वर्ष भी आयोजन को और अधिक भव्य एवं आकर्षक स्वरूप में आयोजित करने का निर्णय सर्वसम्मति से लिया गया।
बैठक के दौरान दुर्गा पूजा महोत्सव की प्रारंभिक रूपरेखा, आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं तथा विभिन्न सदस्यों को सौंपी जाने वाली जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। उपस्थित सदस्यों ने आयोजन को सफल बनाने के लिए अपने सुझाव भी साझा किए।
एसोसिएशन के अध्यक्ष कृष्णा शर्मा ने बताया कि आने वाले दिनों में आयोजन की विस्तृत योजना तैयार करने और विभिन्न समितियों का गठन करने के लिए लगातार बैठकें आयोजित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य पूरे सूरत शहर में वेसू वेल्फेयर एसोसिएशन की ओर से एक भव्य, सुव्यवस्थित और श्रद्धामय दुर्गा पूजा महोत्सव का आयोजन करना है। एसोसिएशन ने सभी क्षेत्रवासियों से आयोजन में सहयोग एवं सहभागिता की अपील की है।
बैठक में उपाध्यक्ष दीपक बंका, संगठन मंत्री सचिन सिंगला, कोषाध्यक्ष राजेश केजरीवाल सहित दीपक गांधी, कमलेश भरडिया, पवन शर्मा, महेंद्र जैन, सुभाष पंसारी, नेमीचंद एवं अन्य कमेटी सदस्य उपस्थित रहे।
