सूरत में श्रीलंका टूरिज्म रोड शो का आयोजन, 45 से अधिक श्रीलंकाई टूर ऑपरेटर्स के साथ हुई B2B बैठकें

साउथ गुजरात के टूर एजेंट्स ने पर्यटन संभावनाओं पर किया मंथन; SGCCI ने श्रीलंका टूरिज्म अधिकारियों को ग्लोबल ट्रेड एंड टूरिज्म एक्सपो के लिए आमंत्रित किया

सूरत में श्रीलंका टूरिज्म रोड शो का आयोजन, 45 से अधिक श्रीलंकाई टूर ऑपरेटर्स के साथ हुई B2B बैठकें

सूरत। श्रीलंका टूरिज्म प्रमोशन ब्यूरो (STPB) द्वारा गुजरात और दक्षिण गुजरात में आयोजित किए जा रहे रोड शो के तहत सोमवार, 15 जून 2026 को सूरत के पिपलोद स्थित मैरियट होटल में एक विशेष पर्यटन रोड शो का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में सूरत सहित दक्षिण गुजरात के टूर एजेंट्स और ट्रैवल उद्योग से जुड़े प्रतिनिधियों ने भाग लिया तथा श्रीलंका के 45 से अधिक टूर ऑपरेटर्स के साथ बी-टू-बी (B2B) बैठकों के माध्यम से पर्यटन एवं व्यापारिक संभावनाओं पर चर्चा की।

बैठक के बाद श्रीलंका टूरिज्म प्रमोशन ब्यूरो की ओर से आमंत्रित विभिन्न पर्यटन एवं व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने अपने विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर श्रीलंका की सांस्कृतिक टीम द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं, जिन्होंने उपस्थित लोगों को श्रीलंका की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराया।

द सदर्न गुजरात चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (SGCCI) के मानद कोषाध्यक्ष अतुल पटेल ने अपने संबोधन में कहा कि श्रीलंका केवल अपने सुंदर समुद्री तटों के लिए ही प्रसिद्ध नहीं है, बल्कि यह आध्यात्मिकता, इतिहास और संस्कृति का अद्भुत संगम भी प्रस्तुत करता है।

उन्होंने कहा कि यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल सिगिरिया रॉक फोर्ट्रेस से लेकर याला नेशनल पार्क में वन्यजीवों के रोमांचक अनुभव तक, श्रीलंका हर प्रकार के पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र है।

उन्होंने आगे कहा कि भारतीयों के लिए क्रिकेट केवल एक खेल नहीं, बल्कि एक भावना है। ऐसे में कोलंबो और कैंडी के ऐतिहासिक क्रिकेट स्टेडियमों की यात्रा क्रिकेट प्रेमियों के लिए विशेष आकर्षण रखती है।

उन्होंने श्रीलंका टूरिज्म के आधिकारिक संदेश “Sri Lanka – You'll Come Back for More” का उल्लेख करते हुए देश की विविध पर्यटन संभावनाओं की सराहना की।

कार्यक्रम के समापन पर श्रीलंका टूरिज्म प्रमोशन ब्यूरो की ओर से सूरत के टूर एजेंट्स के लिए विभिन्न पुरस्कारों की घोषणा की गई।

वहीं, SGCCI ने श्रीलंका टूरिज्म प्रमोशन ब्यूरो की असिस्टेंट डायरेक्टर सुश्री शिरानी हेरात तथा श्रीलंका एयरलाइंस के रीजनल मैनेजर श्री फवाज फरीद को 27 और 28 जुलाई 2026 को सूरत के सरसाना कन्वेंशन सेंटर में आयोजित होने वाले ग्लोबल ट्रेड एंड टूरिज्म एक्सपो में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया।

कार्यक्रम ने सूरत और श्रीलंका के पर्यटन उद्योग के बीच सहयोग को मजबूत करने तथा पर्यटन एवं व्यावसायिक संबंधों को नई दिशा देने की संभावनाओं को और प्रोत्साहित किया।

Tags: Surat SGCCI