सूरत : अग्रवाल समाज ट्रस्ट, सूरत की 46वीं वार्षिक साधारण सभा संपन्न

समाज सेवा के नए प्रकल्पों पर हुई चर्चा, अल्थान क्षेत्र में कंचन काया हॉस्पिटल कार्य शीघ्र शुरू करने का निर्णय

सूरत : अग्रवाल समाज ट्रस्ट, सूरत की 46वीं वार्षिक साधारण सभा संपन्न

 अग्रवाल समाज ट्रस्ट, सूरत की 46वीं वार्षिक साधारण सभा बालकिशन टोरमल हॉल में सौहार्दपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुई। सभा में ट्रस्ट के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने समाजहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा करते हुए आगामी योजनाओं को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए।

सभा का शुभारंभ ट्रस्ट के अध्यक्ष रामप्रसाद अग्रवाल, तात्कालिक अध्यक्ष सुशील बजाज, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुनील गोयल, सचिव राज कुमार (जय बाबा), कोषाध्यक्ष गोवर्धन मोदी, अग्रवाल विद्या विहार स्कूल के अध्यक्ष संजय सरावगी, अग्रवाल हेल्थ चेयरमैन श्रवण अग्रवाल एवं नव-निर्वाचित अध्यक्ष प्रकाश तोदी ने महाराजा अग्रसेन जी के चित्र पर दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण कर किया।

वार्षिक साधारण सभा में ट्रस्ट की आगामी योजनाओं एवं सेवा गतिविधियों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। बैठक में अल्थान विस्तार क्षेत्र में प्रस्तावित सेवा प्रकल्प कंचन काया हॉस्पिटल का कार्य शीघ्र प्रारंभ करने का निर्णय सर्वसम्मति से लिया गया। इस पहल को समाज सेवा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम बताया गया।

इसके साथ ही नवंबर 2027 में धर्मयात्रा-3 के आयोजन की घोषणा की गई, जो जगन्नाथ पुरी धाम में आयोजित होगी। घोषणा का उपस्थित सदस्यों ने करतल ध्वनि से स्वागत किया। वार्षिक साधारण सभा के पश्चात नई कार्यकारिणी की बैठक भी आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न पदाधिकारियों को उनके पदभार एवं जिम्मेदारियां सौंपी गईं। सभा का समापन समाज के विकास, सेवा कार्यों के विस्तार और सामाजिक एकता को मजबूत करने के संकल्प के साथ हुआ।

Tags: Surat