सीमित संसाधनों के बीच सूरत में रहकर की तैयारी, महिमा पटेल ने सीए इंटर में हासिल की AIR-48
उत्तर प्रदेश के छोटे से गांव की छात्रा ने 461 अंक के साथ ऑल इंडिया रैंक-48 प्राप्त की; सूरत में रहकर मेहनत और आत्मविश्वास से रचा सफलता का इतिहास
सूरत। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के एक छोटे से गांव की रहने वाली महिमा पटेल ने सीमित संसाधनों और पारिवारिक चुनौतियों के बावजूद चार्टर्ड अकाउंटेंसी (CA) इंटरमीडिएट परीक्षा में शानदार सफलता हासिल करते हुए 461 अंकों के साथ ऑल इंडिया रैंक (AIR)-48 प्राप्त की है।
बेहतर शिक्षा और अपने सपनों को साकार करने के लिए महिमा पिछले कुछ समय से सूरत में अपनी मौसी के घर रहकर पढ़ाई कर रही थीं।
महिमा के पिता का साया बचपन में ही उठ गया था। आर्थिक और पारिवारिक कठिनाइयों के बीच उन्होंने अपने लक्ष्य से समझौता नहीं किया। कठिन परिश्रम, अनुशासन और आत्मविश्वास के बल पर उन्होंने देशभर में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
अपनी सफलता पर महिमा ने इसका श्रेय अपनी माता, परिवार, शिक्षकों और मार्गदर्शकों को दिया। उनका कहना है कि परिवार और गुरुजनों के सहयोग तथा निरंतर मेहनत ने उन्हें यह मुकाम दिलाया।
वर्तमान में महिमा सूरत में रहकर सीए जितेंद्र मूंदड़ा और सीए दिनेश जेठमल माहेश्वरी की सीए फर्म में प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन प्राप्त कर रही हैं। महिमा की इस उपलब्धि पर सीए दिनेश माहेश्वरी ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें महिमा की प्रतिभा पर पहले से ही पूरा भरोसा था।
उन्होंने बताया कि परीक्षा से पहले ही महिमा ने आत्मविश्वास के साथ कहा था कि वह सिर्फ परीक्षा पास करने नहीं, बल्कि रैंक हासिल करने के लक्ष्य के साथ तैयारी कर रही हैं।
महिमा पटेल की यह सफलता उन हजारों विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने देखते हैं। उनकी उपलब्धि यह संदेश देती है कि मजबूत इच्छाशक्ति, सही मार्गदर्शन और निरंतर मेहनत के दम पर किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
