सूरत : राकेश सैनी ने दांतों से 8 कारें 100 मीटर तक खींचकर बनाया रिकॉर्ड, वर्ल्ड ड्रग्स डे पर युवाओं को दिया नशामुक्ति का संदेश
'यूथ नेशन' के जागरूकता अभियान में अनोखा प्रदर्शन; संस्था ने युवाओं से नशे से दूर रहकर जुनून और प्रतिभा को जीवन का लक्ष्य बनाने की अपील की
सूरत। अंतरराष्ट्रीय मादक पदार्थ निषेध दिवस (वर्ल्ड ड्रग्स डे) के अवसर पर शुक्रवार को सूरत के उधना-मगदल्ला रोड स्थित वीआर मॉल के सामने वाई जंक्शन पर सामाजिक संस्था 'यूथ नेशन' द्वारा नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहने और अपनी प्रतिभा, जुनून तथा सकारात्मक सोच के साथ जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण सूरत के युवा राकेश सैनी रहे, जिन्होंने अपने दांतों की ताकत से एक साथ आठ कारों को लगभग 100 मीटर तक खींचकर नया विश्व रिकॉर्ड बनाने का दावा किया।
उन्होंने बिना हाथ या शरीर के किसी अन्य हिस्से का सहारा लिए यह चुनौतीपूर्ण प्रदर्शन किया। जैसे ही कारों का काफिला आगे बढ़ा, मौके पर मौजूद लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका उत्साहवर्धन किया।
संस्था के पदाधिकारियों के अनुसार, इससे पहले एक साथ पांच कारों को दांतों से खींचने का रिकॉर्ड दर्ज था। राकेश सैनी के इस प्रदर्शन के आधार पर जल्द ही गिनीज़ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में नए रिकॉर्ड के लिए औपचारिक दावा प्रस्तुत किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान यूथ नेशन के संस्थापक एवं निदेशक विकास चंपालाल दोशी ने कहा कि उनकी संस्था पिछले 12 वर्षों से गुजरात में नशामुक्ति जागरूकता अभियान चला रही है।
उन्होंने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि यदि जीवन में किसी चीज़ का नशा करना है तो वह अपने हुनर, जुनून, मेहनत और देश के लिए कुछ करने का होना चाहिए, न कि मादक पदार्थों का।
उन्होंने कहा कि आज का युवा देश का भविष्य है और उसे नशे की लत से बचाकर रचनात्मक गतिविधियों, खेल, शिक्षा और सामाजिक सेवा की ओर प्रेरित करना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।
कार्यक्रम में एक प्रसिद्ध म्यूज़िकल बैंड ने देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति देकर माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया। अंत में विकास दोशी ने उपस्थित नागरिकों, अभिभावकों और युवाओं को जीवनभर नशे से दूर रहने तथा समाज में नशामुक्ति के संदेश को आगे बढ़ाने की शपथ दिलाई।
