सूरत :  एयरपोर्ट पर सीआईएसएफ की सतर्कता से बरामद हुआ यात्री का पर्स, नकदी निकालने वाले यात्री की पहचान

सीसीटीवी जांच और त्वरित समन्वय से ₹11,600 वापस दिलाए, कोलकाता एयरपोर्ट पर लिया गया लिखित माफीनामा

सूरत :  एयरपोर्ट पर सीआईएसएफ की सतर्कता से बरामद हुआ यात्री का पर्स, नकदी निकालने वाले यात्री की पहचान

सूरत।सेन्ट्रल इंडस्ट्रीयल सिक्युरीटी फोर्स (सीआईएसएफ) के जवानों ने सूरत एयरपोर्ट पर अपनी सतर्कता और त्वरित कार्रवाई का परिचय देते हुए एक यात्री का खोया हुआ पर्स और उसमें रखी नकदी सफलतापूर्वक बरामद करवा दी। घटना 7 मई 2026 की बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, सूरत एयरपोर्ट से जयपुर होते हुए कोलकाता जा रहे एक यात्री को बोर्डिंग गेट नंबर-2 के पास एक लावारिस पर्स मिला। यात्री ने पर्स को तत्काल डोमेस्टिक एसएचए क्षेत्र में ड्यूटी पर तैनात सीआईएसएफ कर्मी को सौंप दिया।

सुरक्षा प्रक्रिया के तहत पर्स की जांच की गई, जिसमें ₹560 नकद मिले। इसके बाद पर्स को सुरक्षित रखने के लिए टर्मिनल मैनेजर के सुपुर्द कर दिया गया।

कुछ समय बाद पर्स मालिक के परिजन एयरपोर्ट पहुंचे और बताया कि पर्स में करीब ₹12,000 नकद थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीआईएसएफ विजिलेंस टीम ने तुरंत सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू की और संबंधित यात्री की पहचान करने के प्रयास तेज कर दिए।

इसके साथ ही जयपुर और कोलकाता एयरपोर्ट पर तैनात विजिलेंस स्टाफ को भी अलर्ट किया गया।

तकनीकी जांच और लगातार समन्वय के बाद संबंधित यात्री से संपर्क स्थापित किया गया। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि उसने पर्स से ₹11,600 निकाल लिए थे।

सीआईएसएफ अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद दोनों पक्षों के बीच राशि वापस करने की प्रक्रिया पूरी कराई गई और ऑनलाइन ट्रांसफर के जरिए मामला सौहार्दपूर्ण ढंग से सुलझा लिया गया।

पर्स मालिक द्वारा पुलिस शिकायत दर्ज कराने से इनकार किए जाने के बाद संबंधित यात्री से कोलकाता एयरपोर्ट पर लिखित माफीनामा लिया गया और भविष्य के लिए कड़ी चेतावनी देकर छोड़ दिया गया।

घटना के बाद पीड़ित यात्री और उसके परिवार ने सीआईएसएफ कर्मियों की सतर्कता, पेशेवर कार्यशैली और त्वरित कार्रवाई की सराहना की। सीआईएसएफ अधिकारियों ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा और सेवा के प्रति बल पूरी तरह प्रतिबद्ध है।