अमेरिका : अचानक जहाज की आपातकालीन खिड़की खोल पंखों पर चलने लगा ये यात्री

अमेरिका : अचानक जहाज की आपातकालीन खिड़की खोल पंखों पर चलने लगा ये यात्री

इस घटना के वक्त न तो विमान रनवे पर था और न ही हिल रहा था, विमान के पंखों पर चलते हुए देखकर विमान में सवार अन्य यात्री भी सहम गए, यात्री को पुलिस हिरासत में ले लिया गया

दुनिया में तरह-तरह के लोग होते हैं। कुछ ऐसे भी होते हैं जो कभी भी कुछ अलग करने से नहीं चूकते। भले ही इससे किसी को तकलीफ हो। ऐसा ही कुछ अमेरिका के शिकागो में हुआ, जब एक यात्री ने अचानक प्लेन का इमरजेंसी गेट खोल दिया और प्लेन के पंखों पर चलने लगा। हालांकि, इस घटना के वक्त न तो विमान रनवे पर था और न ही हिल रहा था। विमान उस समय शिकागो ओ'हारे अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के टैक्सी क्षेत्र में खड़ा था। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक बाद में यात्री को पुलिस हिरासत में ले लिया गया।
स्थानीय समाचार एजेंसी से मिली जानकारी के अनुसार यात्री कैलिफोर्निया का रहने वाला था। शिकागो पुलिस विभाग के अनुसार, पुरुष यात्री विमान में चढ़ने के कुछ देर बाद ही आपातकालीन गेट की ओर चल दिया और गेट खोल दिया। उसे विमान के पंखों पर चलते हुए देखकर विमान में सवार अन्य यात्री भी सहम गए। पुलिस का कहना है कि यात्री विमान के पंखों पर धीरे-धीरे हवाई क्षेत्र में उतरने की कोशिश कर रहा था। यात्री का नाम रैंडी फ्रैंक डीविला है। इस यात्री पर लापरवाही का आरोप है। शिकागो पुलिस ने कहा कि यात्री यूनाइटेड एयरलाइंस की उड़ान 2478 में सवार हो कर सैंडियानो से आ रहा था। यूनाइटेड एयरलाइंस के एक बयान में कहा गया है कि यात्री को ग्राउंड क्रू से निकलने से रोकने का प्रयास किया गया था। जब विमान गेट पर उतरा तो अन्य यात्रियों को सुरक्षित उतार लिया गया। पुलिस का कहना है कि यात्री को 27 जून को कोर्ट में पेश किया जाएगा। यात्री के खिलाफ आरोपों में उड़ान को बाधित करना शामिल है।
आपको बता दें कि ऐसा ही एक मामला सामने आया था जब इसी साल फरवरी में अमेरिकन एयरलाइंस के एक यात्री ने एक हवाई जहाज का इमरजेंसी गेट खोलने की कोशिश की थी। अदालत ने बाद में यात्री पर 8,81,950 का जुर्माना लगाया। एक महिला यात्री पर भी करीब 77,77,272 का जुर्माना लगाया गया। महिला भी हवा में गेट खोलने की कोशिश कर रही थी। यूएस फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन ने पिछले साल यात्री कदाचार के 5,500 से अधिक मामलों की सूचना दी। इनमें से कुछ यात्राओं पर भी एयरलाइंस ने रोक लगा दी है।
Tags: America